राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गौतमबुद्धनगर। सामाजिक संगठन ‘महिला उन्नति संस्था’ (भारत) उन संस्थाओं को लगातार सम्मानित करती आ रही है, जो जनहित में काम करती हैं। इसी कड़ी में आज असहाय एवं जरूरतमन्द लोगों की मदद के लिए समर्पित संस्था ‘साथी हाथ बढ़ाना’ की संस्थापक अनीता प्रजापति को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कोरोना काल में हुए लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों को दवाई-भोजन, कपड़े आदि उप्लब्ध कराकर सेवाभाव का परिचय दिया है।
अनीता प्रजापति ने इस अवसर पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि उनकी संस्था ‘साथी हाथ बढ़ाना’ के नाम से ही उसके उद्देश्य के बारे में पता चल जाता है। असहाय लोगों को समर्पित उनकी संस्था गरीब बच्चों के लिए पाठ्य सामग्री के साथ संकीर्तन मंडली के द्वारा लोगों को अध्यात्म के प्रति भी जागरूक करती है। उन्होंने कहा कि महिला उन्नति संस्था द्वारा दिया गया यह सम्मान उन्हें एक नई उर्जा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
महिला उन्नति संस्था के संस्थापक डा राहुल वर्मा ने कहा कि बहुत अच्छा लगता है जब महिलाएं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाती दिखाई देती हैं। संस्था द्वारा समाज के विकास में योगदान देने वाले समाजसेवियों को सम्मानित किये जाने का क्रम जारी है। कार्यक्रम में संस्था के महासचिव अनिल भाटी, विजय तंवर, ओमवीर बघेल, रणजीत सिंह, अमित शर्मा आदि मौजूद रहे।


Leave a Reply