एंटी करप्शन इंटरनेशनल काउंसिल का टीकाकरण अभियान जोरों पर

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। एक तरफ जहां जिले में कोरोना की तीसरी लहर के कम होने के संकेत दिखाई दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जिले में टीकाकरण अभियान जारी है। इसी कड़ी में भ्रष्टाचार मुक्त भारत के लिए काम कर रही संस्था एंटी करप्शन इंटरनेशनल काउंसिल द्वारा कोविड वैक्सीनेशन कार्यक्रम का आज छठा दिन रहा। संस्था ने उत्तर प्रदेश राज्य सरकार की मदद से मंगलवार को सुशीला इंटर कालेज गाजियाबाद में टीकाकरण के लिए कैंप लगाया गया, जिनमें करीब एक सौ लोगों ने वैक्सीन लगवाई। कैंप में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ मुकुल शर्मा खुद और राष्ट्रीय महासचिव व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन भी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने 15 जनवरी को कोविड से बचाव के लिए जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच शासन स्तर से भी टीकाकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे। किशोरों को पहला डोज और बुजुर्गों को बूस्टर डोज लगाने में तेजी लाने को कहा गया था। बूस्टर डोज लगवाने के लिए इस समय 68 हजार ऐसे बुजुर्ग हैं, जिनका दूसरा डोज लगे हुए नौ महीने पूरे हो चुके हैं। इनमें बड़ी संख्या उन बुजुर्गों की है, जो गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं।
सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि जिन बुजुर्गों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगे नौ महीने या 39 सप्ताह हो चुके हैं और उन्हें कोई पुरानी या गंभीर बीमारी भी है, वे वैक्सीन की बूस्टर डोज लगवा सकते हैं। उनके अनुसार कोविड पोर्टल के जरिये भी बूस्टर डोज के लिए मेसेज भेजे जा रहे हैं। जिन बुजुर्गों के मोबाइल पर मैसेज पहुंच रहे हैं, वह मामले में कोविड कंट्रोल रूम या जिला सर्विलांस अधिकारी को सूचना दे दें।
एंटी करप्शन इंटरनेशनल काउंसिल ने कोरोना टीकाकरण महाअभियान की शुरुआत गुरुवार, 27 जनवरी की सुबह दस बजे अंबेडकर रोड स्थित नेहरू युवा केंद्र में की थी। तब से उसका यह टीकाकरण महाअभियान लगातार चल रहा है। डॉ मुकुल शर्मा के अनुसार गुरुवार, 3 फरवरी को स्वर्ण जयंती गोविन्दपुरम, 4 और 5 फरवरी को वैशाली, 6 और 7 फरवरी को सनातन मंदिर राजनगर, 8 और 9 फरवरी को साईं मंदिर नंदग्राम, 10 और 11 फरवरी को डासना गेट और 12 व 13 फरवरी को आफिसर सिटी राजनगर एक्सटेंशन में टीकाकरण का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पहली फरवरी को सुशीला इंटर कालेज के कैंप में 15 वर्ष से 60 वर्ष के लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इसके अलावा बूस्टर डोज भी लगाई गई। टीकाकरण अभियान में सहयोग कर रहे लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस दौरान जिला गाजियाबाद टीम के जिला प्रमुख रामानंद सिंह, निदेशक रिहाना, सचिव नवीन कुमार, प्रदेश निदेशक विनय कुमार, चंदा एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*