राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। दिव्यांग प्रकोष्ठ (भाजपा) के क्षेत्रीय सह संयोजक पंडित रवि शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी व राज्यमंत्री अतुल गर्ग को लोगों से भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की है। उन्होंने मंगलवार को कई सभाओं में शिरकत की और डोर टू डोर भी अतुल गर्ग के साथ जनसंपर्क किया। साथ ही लोगों से भाजपा प्रत्याशी के लिए भारी जनसमर्थन मांगा।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश का सियासी द्वार कहे जाने वाले गाजियाबाद में चुनावी तापमान अब चरम पर है। कभी कांग्रेस और अब भाजपा का गढ़ बन चुके गाजियाबाद की सदर सीट पर इस बार लड़ाई कांटे की है। लोगों की नजरें इस पर टिकी हैं कि योगी सरकार के स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग एक बार फिर किला फतह करेंगे या फिर रालोद- सपा गठबंधन की झोली में यह सीट जाएगी? उधर भाजपा के बागी केके शुक्ला भी हाथी पर सवार हैं। ऐसे में अतुल गर्ग की राह थोड़ी चुनौतीभरी है।
वैसे गाजियाबाद शहर के लोगों का मिजाज कब बदल जाए, कुछ कहना मुश्किल है। तेजा सिंह, प्यारेलाल शर्मा और बालेश्वर त्यागी पर मतदाताओं ने खूब प्यार लुटाया, लेकिन दोबारा जीतना कठिन हो गया। दिव्यांग प्रकोष्ठ (भाजपा) के क्षेत्रीय सह संयोजक व समाजसेवी पंडित रवि शर्मा ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से कहा कि इस चुनाव में भाजपा फिर से मोदी-योगी की लहर पर सवार है। दिल्ली के नजदीक होने के कारण यहां पिछले कुछ साल में विकास भी खूब हुआ है। मेट्रो और डीएमई ने सफर आसान किया है और जिले को डूंडाहेड़ा में अस्पताल की सौगात भी मिली है। ऐसे में कोई भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग को कैसे नकार सकता है। योगी सरकार ने काम किया है, विकास किया है और गर्ग साहब के सहयोग से यहां के लोग जरूर उनका समर्थन करेंगे।
हालांकि, एक साल तक चले कृषि कानून विरोधी आंदोलन की आंच और कोरोना का दंश भुलाया नहीं जा सकता। रालोद- सपा गठबंधन ने दलित कार्ड खेलकर टक्कर और बढ़ा दी है। दूसरी ओर भाजपा के बागी केके शुक्ला हाथी पर सवार हो चुके हैं और कांग्रेस प्रत्याशी सुशांत गोयल का पिता स्व सुरेंद्र प्रकाश गोयल का अपना जनाधार है? इस सवाल के जवाब में पं. रवि शर्मा कहते हैं, ‘अपनी-अपनी विचारधाराएं हैं लेकिन मेरा मानना है कि चुनाव विकास के आधार पर होना चाहिए। और गाजियाबाद का विकास कहता है कि भाजपा को लोग इस बार पुन: जीत दिलाएंगे।’
पं. रवि शर्मा द्वारा अतुल गर्ग के साथ चुनाव प्रचार में सैंकड़ों कार्यकर्ताओं मौजूद रहे। सभी ने अपने-अपने स्तर से भारतीय जनता पार्टी के लोकप्रिय प्रत्याशी अतुल गर्ग के लिए वोट मांगे और सभाएं की। इस अवसर पर अवधेश सिंघल, श्रीदामा गोस्वामी, भूतपूर्व सभासद संजीव शर्मा, राजू छाबरा, प्रमोद शर्मा, हर्ष शर्मा, बिट्टा, घनश्यामदास, संजय छाबड़ा, राजीव जैन, रिंकू पंडित आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


Leave a Reply