कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण का मतदान जारी है। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ और शाम 6:30 बजे तक चलेगा। कोरोना संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए चुनाव हो रहा है। इसके मद्देनजर वोटिंग का समय बढ़ाया गया है। इस बीच बांकुड़ा में मतदान केंद्र पर तृणमूल कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी के बीच झड़प होने की खबर आ रही है।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल की पांच जिलों पुरुलिया, बांकुड़ा, झाड़ग्राम, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर की 30 विधानसभा सीटों के लिए वोट पड़ रहे हैं। इनमें से सात चुनाव क्षेत्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। कुल 191 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें तृणमूल व भाजपा के 29-29, माकपा के 18, बसपा के 11, भाकपा के चार, कांग्रेस के छह, फॉरवर्ड ब्लॉक के दो, आरएसपी का एक, अन्य दलों के 48 व 43 निर्दलीय हैं। इनमें से 11 आरक्षित सीटें हैं। चार अनुसूचित जाति व सात अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।


Leave a Reply