राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नयी दिल्ली। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल की आज बुधवार 30 अप्रैल को पहली बैठक हो रही है। यह बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हो रही है। साथ ही आज सुरक्षा मामलों की समिति (सीसीएस) की भी बैठक होगी। इससे पहले पीएम मोदी की अध्यक्षता में एक दिन पहले मंगलवार को भी एक उच्च स्तरीय बैठक हुई थी, जिसमें मोदी ने आतंकवाद पर ‘करारा प्रहार’ करने के लिए सेना को खुली छूट दे दी है।
पीएम मोदी ने भारतीय सैन्य बलों की पेशेवर क्षमता में पूरा विश्वास व्यक्त करते हुए कहा था कि उन्हें “हमारी प्रतिक्रिया के तौर-तरीकों, लक्ष्यों और टाइमिंग के बारे में निर्णय लेने की पूरी परिचालन स्वतंत्रता है। ऐसे में अनुमान है कि आज बुधवार की बैठक के बाद कोई ऐसा निर्णय हो सकता है जिससे पाकिस्तान की नींद उड़ सकती है। मोदी ने कल कहा भी था कि आतंकवादी और उनके समर्थकों का ऐसा अंजाम होगा, जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी।
उधर पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद सैन्यबलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर विशिष्ट इकाइयां ऑपरेशनल रेडीनेस मोड में हैं। ड्रोन, सैटेलाइट इमेजरी और इलेक्ट्रॉनिक इंटरसेप्ट्स पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकवादियों के लॉन्चपैड्स की गहन निगरानी कर रहे हैं।

Leave a Reply