जितेन्द्र बच्चन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के नतीजों के बाद योगी आदित्यनाथ विकासवाद की राजनीति के प्रतीक बनकर उभरे हैं। विधानसभा चुनाव में पहली बार मैदान में उतरे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर शहर सीट से न सिर्फ बड़ी जीत दर्ज की बल्कि 37 वर्ष बाद यूपी में पूर्ण बहुमत की सरकार की लगातार वापसी का इतिहास रच दिया। राज्य में फिर से भगवा भाजपा को प्रचंड जीत दिलाने के बाद प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचे योगी ने सभी कार्यकर्ताओं को इस जीत की बधाई दी। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह प्रचंड बहुमत भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन के माडल को उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता का आशीर्वाद है। इसे स्वीकार करते हुए आम जनमानस की आकांक्षाओं के अनुरूप सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास के इस मंत्र को अंगीकार करते हुए निरंतर आगे बढ़ाना होगा।
गुरुवार, 10 मार्च की शाम मुख्यरमंत्री योगी आदित्यानाथ प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी। इस अवसर पर योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदीजी के नेतृत्व में चार राज्यों में प्रचंड जीत के बाद भाजपा की सरकार बनने जा रही है। विकास और सुशासन को एक बार फिर से जनता ने अपना आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के परिणाम पर पूरे देश की निगाह थी। आज भाजपा, सहयोगी अपना दल (एस) और निषाद पार्टी ने प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज की है। इसके लिए जनता जनार्दन और कार्यकर्ताओं का कोटि-कोटि धन्यवाद।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार ने पांच वर्षों से लगातार उत्तर प्रदेश में जो सुरक्षा का माहौल दिया, लोगों की आस्था को सम्मान दिया, विकास के कार्यक्रमों को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का कार्य किया, गरीबों के कल्याण के लिए जो कार्य शुरू हुए हैं, आज उसका परिणाम जनता ने जातिवाद, परिवारवाद, वंशवाद की राजनीति को पूरी तरह से तिलांजली देते हुए 2022 में भी भाजपा को प्रचंड बहुमत से जीत दिलाई है।
सीएम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता इस जीत का हकदार है। जो कार्यक्रम विगत पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश में लागू किए गए आज उसके परिणाम सामने है। उन्होंने कहा कि जब हम लोग कोरोना और भष्टाचार से लड़ रहे थे तब ये लोग भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ साजिश रचने का कार्य कर रहे थे। आज जनता ने अपने जनादेश के माध्यम से उन सबको एक बार फिर से सबक सिखा कर बोलती बंद कर दी है। उन्होंने कहा कि यह जीत हमें जवाबदेही का नया संकेत भी देती है। हमें आम जनमानस की आकांक्षाओं के अनुरूप एक बार फिर से अपने आप को साबित करना होगा।


Leave a Reply