राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के गोकलपुरी इलाके में शुक्रवार देर रात झुग्गियों में आग लगने से सात लोगों की जलकर मौत हो गई। सूचना मिलते ही दमकल की 13 गाड़ियां और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची। उसके बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने सात शव बरामद किए हैं जो बुरी तरह से जले हुए थे। जिनमें से चार लोगों रेशमा, प्रियंका, रंजीत और बबलू की पहचान हुई है। इस बीच शनिवार की दोपहर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें मदद का पूरा आश्वासन दिया है।
घटनाक्रम के अनुसार शुक्रवार रात करीब एक बजे गोकलपुर गांव स्थित मेट्रो पिलर नंबर 12 के पास झुग्गियों में आग लगने की सूचना मिली। आग लगने के वक्त लोग अपनी झुग्गियों में सो रहे थे। देखते ही देखते एक के बाद एक झुग्गियों में आग फैलती चली गई। अफरा-तफरी में जैसे तैसे लोग झुग्गियों से बाहर भागे, कुछ लोग आग में फंस गए। पुलिस और दमकल की कई टीमें मौके पर पहुंची। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक सात लोगों की जलने से मौत हो चुकी थी। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि आग के कारण करीब 30 झुग्गियां जलकर खाक हो गई हैं। आग का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। जांच की जा रही है। वहीं जिलाधिकारी, उत्तर पूर्वी दिल्ली गीतिका शर्मा का कहना था कि 33 झुग्गियां जली हैं और 150 लोग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन की ओर से पीड़ितों को भोजन दिया जा रहा है। पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे हैं।


Leave a Reply