राष्ट्रीय जनमोर्चा। विशेष संवाददाता
बदायूं। भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन (BJMTU) ने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी की फिर से वापसी के लिए छोटे-छोटे श्रमिक संगठनों को अपने साथ जोड़ना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार को बदायूं क्लब बदायूं में यूनियन का प्रांतीय अधिवेशन किया गया, जिसमें यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितेश पाल मुख्य अतिथि के तौर मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेएमटीयू भाजपा को पुनः सत्ता में लाने के लिए जमीनी स्तर (बूथ स्तर) पर भरपूर प्रयास करेगी।
नितेश पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा ने देश की संस्कृति व विरासत को मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में 2027 में भाजपा की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। इसके लिए श्री पाल ने प्रांतीय अधिवेशन में गत 40 वर्षों से मजदूर संगठन से जुड़े रहे ऑल इंडिया रेलवे पेंशनर्स वेलफेयर फेडरेशन के यूनिट महामंत्री डॉ शरद राही को भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी दी है।
इससे पहले प्रांतीय अधिवेशन का राष्ट्रीय अध्यक्ष नितेश पाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। उपस्थित श्रमिक नेताओं ने जहां उन्हें पगड़ी पहनाई और शॉल व माल्यार्पण कर राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत-सम्मान किया, वहीं श्री पाल ने शाहजहांपुर के ऑल इंडिया टीचर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय पदाधिकारी सूबेदार शाह को बीजेएमटीयू का राष्ट्रीय मंत्री और बदायूं ईंट-भट्टा निर्माता संघ के जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा को बीजेएमटीयू का प्रांतीय अध्यक्ष मनोनीत किया है। साथ ही नरमू के पूर्व अध्यक्ष रामावतार शर्मा को शाहजहांपुर का जिलाध्यक्ष व पूर्व शाखा मंत्री राकेश कुमार को जिला महामंत्री मनोनीत किया है।
20 सितंबर को आयोजित अधिवेशन में विशिष्ट अतिथि के रूप में यूनियन के राष्ट्रीय महामंत्री प्रमुख अनिल त्यागी, राष्ट्रीय महामंत्री लीगल सेल सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता नितिन सिंह और राष्ट्रीय मंत्री शैलेंद्र राघव भी उपस्थित रहे। कवि माधव मिश्रा ने अपनी रचना का काव्य पाठ कर कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। शाहजहांपुर के मनोनीत जिलाध्यक्ष रामावतार शर्मा, महामंत्री राकेश कुमार और बुलंदशहर के जिलाध्यक्ष शुभम शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
शाहजहांपुर से मनोनीत राष्ट्रीय मंत्री सूबेदार शाह ने जहां कहा कि जिला स्तर पर प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से काम करके संगठन को मजबूती प्रदान करें, वहीं मनोनीत राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शरद राही ने संगठन की जिला इकाई द्वारा जिला स्तर पर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक कर मजदूरों की समस्याओं का निराकरण करने पर जोर दिया है। मंच संचालन रविंद्र मोहन सक्सेना ने किया। इस अवसर पर मजदूर नेता अकील इस्माइल और पंडित शर्मा भी उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष नीरज शर्मा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया है।


Leave a Reply