राष्ट्रीय जनमोर्चा। संवाददाता
नोएडा। सेक्टर-44 के एक होटल में तिहार परिवार नोएडा द्वारा ओडिशा का प्रसिद्ध कृषि पर्व ‘नुआखाई’ पर्व बड़े धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। यह उत्सव नई फसल (विशेषकर धान/चावल) के स्वागत और अन्न के प्रति आभार व्यक्त करने का लोक पर्व है। साथ ही आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक भी है। इस आयोजन में नोएडा के ओडिया समुदाय के लोगों के अलावा कई अन्य गणमान्य भी शामिल हुए।
रविवार, 20 सितंबर को आयोजित ‘नुआखाई’ उत्सव के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं व युवाओं ने अपनी संस्कृति पर आधारित लोक नृत्य व गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। साथ ही एक-दूसरे को ‘नुआखाई जोहार’ कहकर बधाई दी। इससे पहले पंडित प्रभाकर पाणिग्राही ने माँ समलेश्वरी की पूजा कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, जिसमें सभी सदस्यों के श्रद्धा और भक्ति के साथ नवान्न अर्पित करने के बाद लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया गया। जबकि युवा सदस्यों ने बड़ों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक डॉ. संजीव कुमार पाटजोशी रहे। जबकि विशिष्ट अतिथियों में मिलन परिवार के अध्यक्ष अमिय रथ, नाफेड के सेवानिवृत्त उप प्रबंध निदेशक डॉ. संजय भोई, दिल्ली एम्स में प्रोफेसर और श्री बिनय प्रधान आदि शामिल थे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में युवतियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक संबलपुरी नृत्य ने जहां दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं दोपहर में पारंपरिक ओडिशा व्यंजनों से युक्त स्वादिष्ट भोजन से उपस्थित लोग बहुत प्रसन्न हुए। खास तौर पर काकरा पीठा, लेथा और खीरी जैसे व्यंजनों को सभी ने सराहा।
मंच संचालन श्रीमती नमिता बेहरा ने किया। इस अवसर पर तिहार परिवार के अध्यक्ष क्षीर मोहन अडाबर, उपाध्यक्ष श्रीमती बिजया पाणिग्राही, प्रमुख सदस्यों में बिक्रम मेहर, सस्मिता मिश्रा, आशीष पांडा, उर्मिला अडाबर, अमित पाढ़न और प्रेमलता देहुरी, वरिष्ठ सलाहकार गंगाधर पति, सरोज देहुरी, डॉ. जगदीश आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply