खुर्जा औद्योगिक टाउनशिप से बुलंदशहर को मिलेगी वैश्विक पहचान : सीएम योगी

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
लखनऊ / खुर्जा। योगी सरकार प्रदेश के छोटे जिलों को भी विकास से जोड़ने का विशेष प्रयास कर रही है। महायोजना-31 के तहत विस्तार किया जा रहा है ताकि ये शहर भी प्रदेश को ‘वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी’ बनाने में अपनी भूमिका निभा सकें। इसी के तहत मंगलवार को योगी सरकार ने जेवर एयरपोर्ट से महज 18 किमी की दूरी पर बुलंदशहर में खुर्जा औद्योगिक टाउनशिप लॉन्च की है। इसके लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 11 नवंबर से शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल से बुलंदशहर के ओडीओपी उत्पाद को वैश्विक स्तर पर न केवल पहचान मिलेगी, बल्कि उद्यमियों को भी विश्व पटल पर नया आयाम मिलेगा।
बुलंदशहर महायोजना-31 के तहत 80 एकड़ के टाउनशिप में उद्यमियों को वेयर हाउस, वर्कशॉप, कम्यूनिटी सेंटर, नर्सिंग होम, डे केयर सेंटर, धर्मकांटा और बोर्डिंग लॉज जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेगी। इसके लिए योगी सरकार ने 430 करोड़ रुपये खर्च किये हैं, जबकि इससे प्राधिकरण को 25 करोड़ से अधिक का मुनाफा होगा।
80 एकड़ में होगी खुर्जा औद्योगिक टाउनशिप:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुछ माह पहले ही महायोजना-31 के तहत बुलंदशहर-खुर्जा महायोजना-31 को हरी झंडी दी थी। इसी के बाद बुलंदशहर के विस्तार पर काम शुरू हो गया था। इसी क्रम में सीएम योगी की मंशा के अनुरुप इंटरनेशल जेवर एयरपोर्ट से महज 18 किलोमीटर की दूरी पर बड़े उद्यमियों और ओडीओपी उत्पाद के छोटे उद्यमियों के लिए 80 एकड़ में हाईटेक खुर्जा औद्योगिक टाउनशिप को लांच किया गया है।
बुलंदशहर खुर्जा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष डॉ. अंकुर लाठर ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि सीएम योगी ने बुलंदशहर महायोजना-31 के प्रपोजल को अप्रूव करते हुए जल्द औद्योगिक टाउनशिप योजना को लॉन्च करने के निर्देश दिये थे। इसी क्रम में इसे लांच किया गया है। योजना में 82 प्लॉट इंस्ट्रियल के हैं, जो 500 वर्ग मीटर से 3500 वर्ग मीटर के हैं, जबकि 9 प्लॉट वेयर हाउस के हैं। यह पांच हजार वर्ग मीटर के हैं। इनकी कीमत 20 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर रखी गयी है। 12 प्लॉट कॉमर्शियल हैं, जिनका एरिया 300 वर्ग मीटर से लेकर 2500 वर्ग मीटर का है, जिनकी कीमत 40 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर रखी गयी है।
महिला उद्यमियों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षित :
वीसी के अनुसार टाउनशिप को उद्यमियों की जरूरत के अनुसार तैयार किया गया है। यहां पर उन्हें सभी हाइटेक सुविधाएं मिलेंगी। यहां पर 700 वर्ग मीटर में एक वर्कशॉप, 1800 वर्ग मीटर में कम्यूनिटी सेंटर, साढ़े आठ सौ वर्ग मीटर में एक बोर्डिंग लॉज, 800 वर्ग मीटर में एक नर्सिंग होम, साढ़े आठ सौ वर्ग मीटर में एक धर्मकांटा और करीब 600 वर्ग मीटर में डे केयर सेंटर/क्रैच की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा, इलेक्ट्रिक सब स्टेशन, पुलिस चौकी, टॉयलेट ब्लॉक, एसटीपी, फायर स्टेशन और कूड़ा घर की स्थापना की जाएगी। टाउनशिप में बुलंदशहर के ओडीओपी उत्पाद के उद्यमियों (इलेक्ट्रिक इंसोलेटर, पॉटरी, चीनी) और महिला उद्यमियों के लिए 10 प्रतिशत प्लॉट आरक्षित किये गये हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*