श्रावस्ती में अवैध मजार पर चला योगी सरकार का बुलडोजर

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
श्रावस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन में सीमावर्ती जनपदों में अवैध मजार के निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए श्रावस्ती प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। भिनगा-सिरसिया मार्ग पर नगर पालिका परिषद की आरक्षित भूमि पर अवैध रूप से बने मजार को गिराकर शासकीय संपत्ति को मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई प्रशासन, नगर पालिका और राजस्व विभाग के संयुक्त अभियान के तहत की गई।
यह भूमि खंड गाटा संख्या-121, रकबा 0.1420 हेक्टेयर नगर पालिका भिनगा के अंतर्गत आता है और इसे इमारती लकड़ी भंडारण के लिए आरक्षित किया गया था। प्रशासन को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि इस भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध कब्जा कर मजार का निर्माण कर लिया गया है। प्रशासन ने तत्काल सख्ती दिखाते हुए शासकीय भूमि पर अनधिकृत कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद, राजस्व विभाग और पुलिस बल के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने पहले सीमांकन कर कब्जे की विधिवत पहचान की और संबंधित पक्षों को अग्रिम सूचना दी गई। निर्धारित समय के पश्चात मंगलवार को पूरे प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर अवैध मजार के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दिया। अवैध मजार सहित सभी निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया और भूमि को पूर्ण रूप से कब्जा मुक्त घोषित किया गया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*