जितेन्द्र बच्चन / राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नयी दिल्ली। भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसे हालात को लेकर शनिवार की शाम एक अच्छी खबर आई। दोनों देशों के बीच अब युद्धविराम हो गया है। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि आज दोपहर 3.35 बजे दोनों देशों के DGMO के बीच बातचीत हुई थी। इसमें फैसला लिया गया था कि आज शाम 5 बजे से दोनों देश आकाश, जल, और थल पर तत्काल हमले रोक देंगे। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच सीजफायर हो गया है।
पाकिस्तान के नाकाम हमलों की कोशिशों के बीच भारत सरकार ने शनिवार, 10 मई,2025 को बड़ा फैसला किया। युद्धविराम की सूचना देते हुए भारत सरकार ने पाकिस्तान को साफ संदेश देते हुए कहा है कि अगर भारत में कोई भी आतंकी हमला होता है तो इसे युद्ध माना जाएगा। सरकार के शीर्ष सूत्रों की ओर से बताया गया है कि भविष्य में किसी भी आतंकी कार्रवाई को भारत के खिलाफ युद्ध कार्रवाई माना जाएगा। इसी के साथ ऐसी किसी भी कार्रवाई का उसी के हिसाब से जवाब दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि भारत और पाकिस्तान ने अमेरिका की मध्यस्थता में चली लंबी बातचीत के बाद युद्धविराम पर सहमति जताई है। इसे लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ने ट्वीट किया है, “ये कदम तब उठाया गया है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर लगातार ड्रोन हमले, गोलेबारी और तनावपूर्ण हालात बने हुए थे। इससे क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ गई थी।” वहीं भारत के विदेश मंत्री विक्रम मिसरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया है कि पाकिस्तान की ओर उसकी सेना के डीजीएमओ ने तनाव कम करने के लिए भारतीय सेना के डीजीएमओ से संपर्क किया। इसके बाद भारत अपनी शर्तों पर युद्धविराम के लिए राजी हुआ। उन्होंने कहा कि 12 मई को इस मामले पर दोनों देश के बीच दोबारा बातचीत हो सकती है।

Leave a Reply