राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
खुर्जा (बुलंदशहर)। सुभाष रोड स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा द्वारा दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज का 359वां जन्म प्रकाशोत्सव धूमधाम और श्रद्धापूर्वक मनाया गया। जिसमें प्रभात फेरी, नगर कीर्तन, कीर्तन-दरबार और लंगर जैसे धार्मिक आयोजन हुए, जो गुरु के त्याग, शौर्य, और मानवता के संदेशों को याद दिलाते थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
सेवादार जगजीत सिंह वालिया के अनुसार, चतुर्थ दिवसीय कार्यक्रम (16 से 19 जनवरी तक) हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। बाल कवि दरबार और कवि दरबार के साथ-साथ अनेक धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन किए गए। इस अवसर पर खुर्जा शहर दुल्हन की तरह सजाया गया था। जगह-जगह भव्य तोरणद्वार लगाए गए। विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं द्वारा स्वागत शिविर लगाकर नगर संकीर्तन पर पुष्पवर्षा की गई तथा जलपान एवं प्रसाद का वितरण किया गया।
नगर कीर्तन संयोजक सेवादार मनीष सलूजा के अनुसार, नगर संकीर्तन में कुल 44 भव्य झांकियां निकाली गईं। सेवादार डीसी गुप्ता कांटे वाले ने बताया कि पांच प्यारे एवं पालकी साहिब जी के दिव्य दर्शन से हजारों श्रद्धालु धन्य हो उठे। अजमेर सिंह वालिया ने इस अवसर पर सभी झांकियों एवं प्रमुख समाजसेवी संस्थाओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया।


Leave a Reply