मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामनवमी की दी शुभकामनाएं

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामनवमी के पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। शनिवार को जारी एक सन्देश में मुख्यमंत्री ने कहा है कि रामनवमी भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव है। इस पर्व के साथ ही चैत्र नवरात्रि का पूजन भी सम्पन्न होता है।
सीएम योगी ने कहा कि भगवान श्रीराम ने हमें धर्म का अनुसरण करते हुए जीवन जीने की प्रेरणा दी। उनका सम्पूर्ण जीवन हमें भारतीय संस्कृति के उदात्त गुणों-श्रद्धा, भक्ति, शक्ति, शान्ति, शील तथा सदाचार की प्रेरणा प्रदान करता है। भगवान श्रीराम का चरित्र जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अनुकरणीय आदर्श प्रस्तुत करता है। उनका जीवन चरित्र आदर्श जीवन के साथ ही आचरण की शुद्धता के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी को त्याग, मर्यादाओं के पालन और कर्तव्य परायणता की सीख देता है। उनके महान चरित्र की उच्च वृत्तियां जन मानस को शान्ति और आनन्द प्रदान करती हैं। उनके चरित्र में पग-पग पर मर्यादा, त्याग, प्रेम और लोक व्यवहार के दर्शन होते हैं। उत्तर प्रदेश के लिये यह अत्यन्त गौरवपूर्ण है कि भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या यहीं पर है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*