जितेन्द्र जायसवाल/राष्ट्रीय जनमोर्चा
बाराबंकी। समूचा उत्तर प्रदेश बुधवार की आधी रात से बादलों के आगोश में है। बुधवार की आधी रात से झमाझम बारिश हो रही है। इसके चलते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज का बाराबंकी दौरा रद्द हो गया है। सीएम योगी आज बाराबंकी की जैदपुर विधानसभा क्षेत्र के हरख और बाराबंकी की सदर विधानसभा का दौरा करने वाले थे। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करोड़ों की लागत की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास की आधारशिला रखने वाले थे लेकिन सांसद उपेन्द्र सिंह रावत के अनुसार सीएम योगी का यह दौरा अब कुछ दिनों के लिए आगे बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक बारिश के आसार ऐसे ही बने रहेंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार बाराबंकी के जैदपुर विधानसभा में जनपद इंटर कालेज हरख मैदान में आज सुबह 11:25 बजे और सदर विधानसभा में शहर के जीआईसी आडोटोरियम में दोपहर 1:20 बजे मुख्यमंत्री की सभा होनी थी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तमाम तैयारियां की थीं। लेकिन आंधी और तेज हवाओं व भारी बारिश के चलते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनपद बाराबंकी का कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया। जबकि कार्यक्रम के अवसर पर मुख्यमंत्री जीआईसी बाराबंकी में आयोजित कार्यक्रमों में 82 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 155 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने वाले थे। इसके अलावा मुख्यमंत्री द्वारा लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र/स्वीकृति-पत्र वितरित किए जाने का कार्यक्रम था।
उल्लेखनीय है कि 16 सितम्बर को योगी द्वारा शिलान्यास की जाने की परियोजनाओं में जनपद बाराबंकी में ब्रिटानिया इण्डस्ट्रीज लिमिटेड की बिस्किट एवं बेकरी उत्पाद इकाई का निर्माण कार्य भी सम्मिलित है। इस इकाई की लागत 340 करोड़ रुपये होगी। इस इकाई के माध्यम से 1,000 लोगों को रोजगार का मौका मिलेगा और साथ ही बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रूप से भी लोगों को रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे।


Leave a Reply