सीएम योगी ने टॉपर आकांक्षा चौहान को किया सम्मानित

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। ज्ञानश्री स्कूल की प्रतिभाशाली छात्रा एवं टॉपर कु. आकांक्षा चौहान को सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सम्मानित किया है। उन्होंने एक लाख की नकद राशि, एक टैबलेट, एक मेडल और एक प्रशस्ति पत्र आकांक्षा चौहान को प्रदान किया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा है कि यह सम्मान आकांक्षा की अथक मेहनत, समर्पण और बौद्धिक श्रेष्ठता का परिचायक है।
आकांक्षा ने सीबीएसई कक्षा 12वीं (AISSCE), 2025 की परीक्षा में 500 में से 498 अंक प्राप्त कर उत्तर प्रदेश राज्य की द्वितीय टॉपर और गौतम बुद्ध नगर जिले की टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है। इसके लिए ज्ञानश्री स्कूल ने भी प्रतिभाशाली छात्रा का अभिनंदन किया है। प्रधानाचार्या श्रीमती प्रियंका भाटकोटी ने ज्ञानश्री परिवार की ओर से आकांक्षा चौहान को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी है।
उन्होंने कहा कि यह सफलता ज्ञानश्री स्कूल की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है जिसके तहत हम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर बल देते हैं। जिसमें न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता, बल्कि खेलकूद एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी उत्कृष्टता शामिल है। आकांक्षा की उपलब्धि हमारे विद्यालय की उस सोच को परिलक्षित करती है जिसमें हम ऐसे विद्यार्थियों का निर्माण करते हैं जो न केवल नेतृत्व करें, बल्कि दूसरों को प्रेरणा भी दें। प्रियंका भाटकोटी ने यह भी कहा कि हम विद्यार्थियों को आत्मविश्वासी, नवोन्मेषी एवं उत्तरदायी भारतीय नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*