श्रवण बाधित बच्चों को कॉक्लियर इम्प्लांट से मिला सुनने-बोलने का अवसर

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी श्रवण बाधित बच्चों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस सर्जरी के बाद मूक-बधिर बच्चे सुन और बोल सकते हैं। इसमें करीब छह लाख रुपये का खर्च आता है, जो सरकार की तरफ से कोक्लियर इम्प्लांट योजना के तहत पांच वर्ष तक के बच्चों के लिए नि:शुल्क प्रदान की जाती है।
शुक्रवार, 10 अप्रैल को जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि मूक-बधिक बच्चों के लिए कॉक्लियर इम्प्लांट सर्जरी नया जीवनदान है। यह एक इलेक्ट्रॉनिक प्रोस्थेटिक डिवाइस है, जिसे सर्जरी के जरिए कान के अंदर लगाया जाता है। सर्जरी के बाद स्पीच थेरेपी महत्वपूर्ण है, जो बच्चों को नई ध्वनियों को समझने और भाषा विकसित करने में मदद करती है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित कॉक्लियर इम्प्लांट योजना के अंतर्गत ऐसे बच्चों को लाभान्वित किया जाता है, जिनकी आयु पांच वर्ष तक होती है और जो सुनने में गंभीर रूप से असमर्थ होते हैं। इस योजना के तहत करीब छह लाख रुपये लागत वाले ऑपरेशन का पूरा व्यय राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाता है। कॉक्लियर इम्प्लांट के पश्चात बच्चों को व्यवस्थित रूप से ऑडिटरी प्रशिक्षण एवं स्पीच थेरेपी प्रदान की जाती है, जिससे वे ध्वनियों को समझने की दिशा में निरंतर प्रगति करते हैं। लेकिन इस पूरी प्रक्रिया में विशेषज्ञों के मार्गदर्शन के साथ-साथ परिवार का सहयोग भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
श्री चौहान के अनुसार, पिछले कुछ महीने में जिन बच्चों को ऑपरेशन से लाभ हुआ है, उनमें गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र की हुमेरा पुत्री महबूब, प्रताप विहार के प्रिन्स पुत्र विशेष यादव, डासना देहात के हर्षित पुत्र संतोष, विजयनगर के वैशु पुत्र इरश, साक्षी पुत्री शेखर, मुरादनगर की शानवी पुत्री नरेंद्र और लोनी की आफिया पुत्री अमजद अली शामिल हैं। वर्तमान में ये सभी बच्चे प्रशिक्षण ले रहे हैं और निरंतर प्रगति कर रहे हैं।

आप यहां करें संपर्क :

अंशुल चौहान ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के परिवार में कोई श्रवण बाधित बच्चा है तो वे इस योजना का लाभ अवश्य उठाएं। इच्छुक अभिभावक विकास भवन, गाजियाबाद, कक्ष संख्या 133 स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग कार्यालय में आकर या व्हाट्सएप नंबर 8791491011 पर मैसेज भेजकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*