राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। प्रताप विहार में डीपीएस चौराहे से लीलावती चौक तक प्रस्तावित सौंदर्यकरण कार्य का रविवार को मेयर सुनीता दयाल ने विधिवत उद्घाटन किया। उनके साथ शहर विधायक संजीव शर्मा और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल भी उपस्थित रहे। जीडीए की इस परियोजना में करीब 4.70 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसमें फुटपाथों का सुदृढ़ीकरण, सेंट्रल वर्ज का विकास तथा आधुनिक लैंडस्केपिंग कार्य शामिल हैं।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि यह महत्वपूर्ण परियोजना शहर के सौंदर्यीकरण एवं नागरिक सुविधा विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो स्थानीय निवासियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने बताया कि डीपीएस चौराहे से लीलावती चौक तक दोनों ओर के डिवाइडर, सेंट्रल वर्ज एवं प्रमुख चौराहों का समग्र विकास किया जाएगा। योजना के तहत चयनित स्थानों पर आकर्षक पत्थर संरचनाएं स्थापित की जाएंगी, जिनमें एक स्थान पर मसाल-आधारित थीम एवं अन्य स्थान पर विशेष डिजाइनयुक्त पत्थर की आकृतियां विकसित की जाएंगी, जिससे क्षेत्र की दृश्यात्मक सुंदरता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
शहर विधायक संजीव शर्मा के अनुसार, करीब 4.70 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना के कार्य पूर्ण होने के उपरांत यह क्षेत्र न केवल अधिक सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनेगा, बल्कि आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं भी प्राप्त होंगी। उन्होंने बताया कि परियोजना कार्य शीघ्र ही शुरू होगा। प्रताप विहार शहर का बेहतरीन क्षेत्र बनेगा। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद संतोष कुमार राणा भी उपस्थित रहे।
अंदर की सड़कों की हालत दयनीय
प्रताप विहार के सेक्टर 11 के अंदर कई गलियां ऐसी हैं, जहां सड़कें टूटी हुई हैं। टाइल लगी गलियों में कई बार पानी भर जाता है। कहीं सीबर जाम हो जाता है तो कहीं जीडीए और निगम की जमीनों पर अवैध कब्जे हैं। पार्षद, जीडीए अधिकारी और निगम कर्मचारी सब को पता है, लेकिन हालात में सुधार नहीं हो रहा है। ऐसे में कॉलोनी के बाहर चमक तो आ जाएगी मगर अंदर के निवासी परेशान ही रहेंगे। देखना है, इस समस्या का निदान कब होगा?


Leave a Reply