दिल्ली में आग लगने से 27 की मौत, 29 लापता, सीएम केजरीवाल ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास एक व्यावसायिक इमारत में आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई, 12 लोग झुलस गए हैं और 29 लोग लापता बताए जा रहे हैं। गायब लोगों में 24 महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। यह हादसा शुक्रवार की शाम का है। दमकल विभाग और पुलिस को 4.45 बजे इमारत की पहली मंजिल में आग लगने की सूचना मिली। करीब पांच बजे दमकल विभाग विभाग की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। बाद में 18 दमकल और आई। करीब सवा पांच बजे बचाव कार्य शुरू किया गया। शनिवार की सुबह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घटनास्थल का दौरा किया। अधिकारियों और पीड़ितों से बात की। हादसे पर गहरा दु:ख जताया। उसके बाद मुख्यमंत्री ने मुंडका अग्निकांड हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच कराने के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री केजरीवाल के साथ दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, मेयर व अन्य विभागों के कई अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। बारह से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनका दिल्ली के कई अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। इससे पहले दमकल और पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर 50 से अधिक लोगों को इमारत से सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। साथ ही पुलिस ने कंपनी के संचालक हरीश गोयल और वरुण गोयल को गिरफ्तार कर लिया है। इमारत के मालिक मनीष लाकड़ा से भी पूछताछ जारी है।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि आग से हुई मौत में कई शव क्षत-विक्षत हो गए हैं। एफएसएल के जरिए डीएनए की जांच करेंगे, ताकि पहचान की जा सके। मृतकों के परिवार को 10-10 लाख और जो लोग घायल हुए हैं, उन्हें 50-50 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। उधर शनिवार को ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से बाहरी जिला पुलिस डीसीपी समीर शर्मा ने बताया कि अभी एनडीआरएफ की टीम जगह की सफाई कर रही है और देख रही है कि वहां कोई है तो नहीं। अभी तक हमें 27 शव मिले हैं, जिसमें 25 की पहचान नहीं हुई है। साथ ही गायब हुए 29 लोगों की लिस्ट जारी की गई है।
दिल्ली के राज्यपाल ने भी मुंडका में हुए भीषण आग की इस घटना पर गहराया दु:ख जताते हुए कहा कि बचाव के सर्वोत्तम प्रयासों के बावजूद कई कीमती जानें चली गईं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। इससे पहले शोक व्यक्त करते हुए देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर दु:ख जताया है। उन्होंने कहा कि मुंडका अग्निकांड में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*