राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर को आज एक और संयुक्त जिला चिकित्सालय मिल गया। लोनी में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 50 बेड वाले चिकित्सालय का रिबन काटकर और नारियल फोड़कर लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा को बेहतर बनाने की सबसे बड़ी चुनौती है। अपने समाज में सब लोग स्वस्थ रहें। बेहतर जीवन जीएं, सुखमय जीवन जीएं, इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
शनिवार, 20 मई को पाठक ने कहा कि 2017 से लेकर अब तक स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश में बहुत बड़ा परिवर्तन हुआ है। लोनी में 50 बेड के चिकित्सालय की बहुत समय से मांग की जा रही थी। इसके होने से लोनी और आसपास के लोगों को उच्च कोटि की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने का कार्य किया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि लोनी में संयुक्त जिला चिकित्सालय खुलने से करीब 10 लाख लोगों को लाभ मिलेगा। वहीं लोनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अपनी जगह काम करता रहेगा। संयुक्त जिला चिकित्सालय 10 करोड़ की लागत से तैयार हुआ है। डाक्टर और अन्य स्टाफ बेहतर स्वास्थ्य सेवा के लिए नियुक्त कर दिए गए हैं।
लोकार्पण समारोह में सांसद एवं केन्द्रीय राज्यमंत्री डॉ (जनरल) वीके सिंह, सांसद राज्यसभा अनिल अग्रवाल, विधायक लोनी नंद किशोर गुर्जर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा भी मौजूद रहे और इन्होंने जनता को संबोधित किया। इस अवसर पर गाजियाबाद के जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक, डीसीपी ग्रामीण, सीएमओ डा भवतोष शंखधर, उप जिलाधिकारी सदर विनय सिंह, एसीएम निखिल चक्रवर्ती, जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply