राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) ने महानगर की कमान युवा नेता रविन्द्र कुमार पाल को सोंपी है। इस फैसले का ऐलान शनिवार को खुद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार गुप्ता ने किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवा रविन्द्र कुमार पाल के नेतृत्व में महानगर में पार्टी और उसके कार्यकर्ता बाबा भीमराव अंबेडकर के विचारों को न सिर्फ जन-जन तक पहुंचाएंगे, बल्कि उनके संविधान का भी अक्षर से पालन कराने और जनहित के मुद्दों को प्रशासन के सामने पूरी ताकत के साथ उठाएंगे।
गाजियाबाद में मीडिया से मुखातिब होते हुए पवन कुमार गुप्ता ने न सिर्फ प्रदेश में दलित समाज की दुर्दशा पर चर्चा की, बल्कि प्रदेश भर में दलित मतदाताओं का इस्तेमाल केवल सत्ता के लालच में करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अपने को दलितों का हितैषी तो तमाम पार्टियां बताती हैं, मगर समाज के लोगों का इस्तेमाल केवल और केवल वोट बैंक के रूप में किया जा रहा है।
गुप्ता ने समाज के लोगों से एकजुट होने के साथ-साथ सही पार्टी और नेता का चयन करके अपने उन अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करने की अपील की है, जो उन्हें बाबा अंबेडकर के द्वारा बनाए गए संविधान ने दिए हैं। इस मौके पर नव नियुक्त महानगर अध्यक्ष रविन्द्र कुमार पाल के अलावा पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष छोटे खां, विनोद कुमार, जिलाध्यक्ष चरण सिंह दिलवालिया, समाजसेवी सरदार जोगेंद्र सिंह बग्गू, विशाल पाल, सुशील काका और इमरान आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply