जितेन्द्र जायसवाल/राष्ट्रीय जनमोर्चा
बाराबंकी। जिला अस्पातल में आज भी उल्टी दस्त के 11 मरीज भर्ती किए गए हैं। शनिवार को पीड़ितों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रामजी वर्मा और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार ने वार्ड का निरीक्षण किया। इस वार्ड में सिद्दौर ब्लाक थाना असंद्रा के तिलैया व इलिचपुर के मरीज भर्ती हैं, जिनके आवश्यक उपचार व औषधि आदि के चलते स्वास्थ्य में लगातार सुधार देखने को मिला है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने ट्रामा सेंटर, आपातकालीन वार्ड, डेंगू वार्ड, पीडियाट्रिक डेंगू वार्ड, ऑर्थो वार्ड, सर्जिकल वार्ड, जेई वार्ड, एईएस वार्ड, बाल रोग विभाग, मेडिसिन वार्ड, कोविड वार्ड का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान डॉ. एस.के. शुक्ला, पैथोलॉजिस्ट, डॉ. आर.के. वर्मा, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अवधेश मौर्य आदि मौजूद रहे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी और अधीक्षक ने संक्रामक रोग नियंत्रण कक्ष से टीम को निर्देश दिए कि संबंधित गांवों में जाकर निरोधात्मक कार्यवाही की जाए।
सीएमओ ने बताया कि गरीब कल्याण दिवस पर जिले में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है।विकासखंड हरख में संचालित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय 81 लोगों का पंजीयन किया गया था। कोविड-19 बूथ का निरीक्षण किया गया, जहां आरटीपी आर टेस्ट के लिए 32 लोगों के सैंपल लिए गए थे, जबकि 32 लोगों का ही कोविड-19 टीकाकरण किया गया था। इसके अलावा स्वास्थ्य मेले में कोविड-19 जांच के लिए पर्याप्त मात्रा में किट व आवश्यक दवाएं उपलब्ध थीं। साथ ही विकासखंड मसौली में आयोजित मेले में स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया गया। वहां की स्थिति भी संतोषजनक रही।


Leave a Reply