सांसद खेल प्रतियोगिता में दिव्यांग खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, जीते पदक

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। दिव्यांगों में खेल भावना जागृत करने व आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए जीटी रोड स्थित इंग्राहम इंस्टीट्यूट के आशा विद्यालय में सांसद खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 300 दिव्यांग खिलाड़ियों ने भाग लिया और 50 व 100 मीटर की दौड़ के साथ-साथ ट्राई साइकिल दौड़ व बोचे बॉल में भी दिव्यांगों ने प्रतिभा का प्रदर्शन कर पदक जीते। दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाया और सभी के चेहरे पर खुशी व आत्मविश्वास झलक रहा था।
शनिवार, 11 अक्टूबर को आयोजित प्रतियोगिता का शुभारम्भ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, सांसद अतुल गर्ग और शहर विधायक संजीव शर्मा ने गुब्बारे उड़ाकर किया। सांसद अतुल गर्ग ने इस अवसर पर बताया कि यह सांसद खेल प्रतियोगिता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पूरे देश में आयोजित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना और सभी के लिए खेल को प्रेरणास्रोत बनाना है। आज इसी कड़ी में गाजियाबाद में यह आयोजन हो रहा है।
मुख्य अतिथि सुनील बंसल ने दिव्यांग खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया। दिव्यांगों ने दौड़, खेलकूद और अन्य मनोरंजक कार्यक्रमों में भाग लिया। इस मौके पर गाजियाबाद जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी ने कहा कि यह आयोजन दिव्यांगों के आत्मविश्वास और हौसले को बढ़ाएगा। इसके श्रेय गाजियाबाद के दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान को भी जाता है। वह लगातार दिव्यांग जनों के हित में कार्य कर रहे हैं। उनको मान-सम्मान दिलाने से लेकर सक्षम बनाने तक के लिए उन्हें जागरूक करते रहते हैं।
सांसद अतुल गर्ग के अनुसार, यह दिव्यांग क्रीड़ा प्रतियोगिता फरवरी 2026 तक चलेगी। इसमें अलग-अलग खेल और प्रतियोगिताएं होंगी ताकि ज्यादा से ज्यादा दिव्यांग इसमें भाग ले सकें। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता ने यह संदेश दिया कि अगर हौसला मजबूत हो तो कोई भी कठिनाई आपको रोक नहीं सकती। दिव्यांग क्रीड़ा प्रतियोगिता समाज के लिए एक प्रेरणा का स्रोत है।

admin
About admin 3429 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*