सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए जितेन्द्र बच्चन को डीएम रविंद्र कुमार माँदड़ ने किया सम्मानित

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार माँदड़ ने कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए जिले के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाज चिंतक डॉ. जितेन्द्र बच्चन को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। इससे पहले उन्होंने समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. बच्चन की कर्तव्य निष्ठा और निस्वार्थ भाव से समाज के प्रति लगन व समर्पण की सराहना करते हुए उनका अभिनंदन किया।
शुक्रवार, 11 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में डीएम माँदड़ के अलावा मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कुमार सौरभ, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र सिंह एवं जिला एनजीओ कोर्डिनेटर तनुज गंभीर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अलग-अलग क्षेत्रों में कार्य करने वाली कुल 41 हस्तियों को सम्मानित किया गया, जिनमें 35 गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) और छ:ह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स शामिल हैं।
जितेन्द्र बच्चन ने जिलाधिकारी रविंद्र कुमार माँदड़ का आभार प्रकट करते हुए कहा है कि वह समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तीकरण और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के प्रति सामाजिक जागरूकता लाने के अपनी टीम के साथ निरंतर काम कर रहे हैं। इस सफर में अब तक अनेक सम्मान मिले हैं, लेकिन आज अपने जिले में जिला प्रशासन द्वारा मिला यह सम्मान मेरे लिए बेहद भावुक और प्रेरणादायी है।
डॉ बच्चन ने कहा, “इस सम्मान के लिए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार माँदड़, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कुमार सौरभ, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र सिंह एवं जिला एनजीओ कोर्डिनेटर तनुज गंभीर का हृदय से आभार। आपका यह प्रोत्साहन (सम्मान) हमारे संकल्प ‘विकसित समाज सशक्त भारत’ को और मजबूत करता है और आगे भी समाज के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।”
कार्यक्रम में डीएम और सीडीओ ने सभी समाजसेवियों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने के लिए कहा। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है। इस अवसर पर प्रशासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने, पौधरोपण, स्वीप, एसआईआर, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे अनेक कार्यों को करने के लिए कई गैर सरकारी संगठनों के पदाधिकारी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*