‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने के लिए डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने की बैठक

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। महात्मा गांधी सभागार कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की क्रियान्वयन बैठक आहूत की गई। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है।
बैठक में डीएम रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने गैर सरकारी संगठनों (NGO) के कई पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही अभियान को सफल बनाने के कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि सभी एनजीओ, सामाजिक संगठनों एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स द्वारा अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा है। उन्होंने सेवा एवं सहयोग के साथ-साथ मीडिया एवं सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’के अंतर्गत 12 अध्यायों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया, ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प’, ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’तथा ‘सुशासन सेवा संवाद’शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत इन थीम आधारित कार्यक्रमों के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा पात्र व्यक्तियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित कराने हेतु भी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन और अन्य एनजीओ के आदेश धामा, सौम्य सिंह रावत, ममता त्यागी उर्फ गीता टाय, बीना रंधावा, ज्योति गुप्ता, शालू पांडे, लव यादव, सुषमा गंगवार, संध्या श्रीवास्तव, प्रीतम सैनी, निभा श्रीवास्तव, परमजीत कौर, संजीव हुडा, तनुज गंभीर, श्रीमती काजल छिब्बर, डॉ. शशि श्रीवास्तव, रजनी ढौंडियाल जोशी, शैफाली गुप्ता, ज्योति सिंह, तुषार शर्मा, डॉ. नीलम शर्मा, उमेश शर्मा, मयंक चौधरी, मेघराज अरोड़ा, नरेश कुमार, जगमोहन सिंह रावत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से वेद प्रकाश शर्मा, शशांक, रूबल कुमार, मोहित गौड़, दिव्यांश कुमार एवं राज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। बैठक का संचालन जिला एनजीओ कोऑर्डिनेटर तनुज गंभीर ने किया।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*