राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के विवेकानंद सभागार में वरदान मल्टीस्पेश्यलिटी हॉस्पिटल एवं रोटरी क्लब गाजियाबाद नॉर्थ के द्वारा आयोजित शिविर में 110 विद्यार्थियों एवं शिक्षण स्टाफ ने रक्तदान किया। इंस्टीट्यूशंस के महासचिव अशोक कुमार सिंघल, निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल एवं रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद नॉर्थ के अध्यक्ष सचिन गुप्ता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। रक्तदान के पश्चात विद्यार्थियों एवं शिक्षण स्टाफ को वरदान हॉस्पिटल की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
विद्यार्थियों को रक्तदान करने के फायदे भी बताये गये। रक्तदान करने से नई रक्त कोशिकाओं का जन्म होता है। कैंसर, मोटापा, शुगर जैसी अन्य जानलेवा बीमारियों का खतरा कम होता है, हिमोग्लोबिन की मात्रा बढ़ जाती है। पूरे शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है।
शिविर में मेवाड़ की एनएसएस इकाई के कार्यक्रम अधिकारी अमित कुमार के निर्देशन में स्वयंसेवकों ने भी अपनी सेवाएं प्रदान की। उन सभी को प्रमाण पत्र वितरित किये गये। वरदान मल्टीस्पेश्यलिटी हॉस्पिटल के कोर्डिनेटर-इंचार्ज विक्रांत सिंह सहित 14 सदस्यों की टीम ने रक्तदान प्रक्रिया को पूरा कराया। शिविर में सचिन गुप्ता, प्रमोद गोयल, मोहित गुप्ता, शिशिर अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply