राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नयी दिल्ली। हिंदी दिवस के अवसर पर देश के सुप्रसिद्ध चैनल व पत्रिका ट्रू मीडिया द्वारा गुरग्राम में भव्य साहित्यिक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चर्चित लेखिका डॉ. अपर्णा थपलियाल की दो पुस्तकों काव्य संग्रह “उत्स” तथा बाल साहित्य “नानी की अटारी से कविता की पिटारी” का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ दोहाकार नरेश शांडिल्य ने की जबकि मुख्य अतिथि के रूप में गुरुग्राम की शान राजपाल यादव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के तौर पर सुप्रसिद्ध ग़ज़लकार डॉ. संजय जैन तथा ट्रू मीडिया के संपादक ओमप्रकाश प्रजापति ने अपनी मौजूदगी दर्ज की। मंच संचालन डॉ. उर्वी ऊदल ने किया। डॉ. अपर्णा थपलियाल ने मंचासीन अतिथियों का अंग वस्त्र व फूल-माला से स्वागत-सम्मान किया। उपस्थित विद्वानों व साहित्यकारों ने पुस्तकों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए लेखिका की सृजनशीलता की प्रशंसा की है।
कार्यक्रम में ट्रू मीडिया के संपादक ओमप्रकाश प्रजापति ने डॉ. अपर्णा थपलियाल को “विद्या वाचस्पति” और “कुरुक्षेत्र साहित्य रत्न सम्मान” से अलंकृत किया और सुर संगम की तरफ़ से स्मृति चिह्न भेंट किया। जबकि डॉ. संजय जैन व सुश्री उर्वी उदल ने अंगवस्त्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। इसके बाद विशिष्ट साहित्यकारों सर्वश्री सुनील शर्मा, ज्ञानेंद्र प्रयागी, पीके शायर, रश्मि ममगई, अखिलेश पुरोहित, निधि सिंह, उर्वी ऊदल और अशोक कुमार को भी अंग वस्त्र और पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया गया।
सभी सम्मानित साहित्यकारों ने अपनी- अपनी कविताओं का वाचन किया। सुरेश शर्मा, स्वर्ण लता शर्मा, स्वप्निल एस. कुमार, अनिल जोशी, आकांक्षा थपलियाल, मैत्रेयी थपलियाल, मास्टर आर्य जोशी और विकास बौंठियाल ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा और भी बढ़ा दी। डॉ. अपर्णा थपलियाल सभी के प्रति आभार प्रकट किया है।


Leave a Reply