राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
सुलतानपुर। कल तक समाज की आवाज बुलंद करने वाले जिले के निर्भीक एवं युवा पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव आज खुद अपनी सांसों की लड़ाई लड़ रहे हैं। घर की माली हालत ठीक नहीं है, ऐसे में परिजनों ने अस्पताल का लंबा-चौड़ा खर्च न उठा पाने की दुहाई देते हुए लोगों से मदद की अपील की तो सुलतानपुर के जाने-माने बाल रोग विशेषज्ञ एवं समाजसेवी डॉ. सुधाकर सिंह ने संवेदनशीलता का परिचय हुए दो बार में 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद कर मानवीय मूल्यों की एक बेहतरीन मिसाल पेश की है।
राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी के प्रदेश प्रभारी एवं नेशनल यूनियन जर्नलिस्ट ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि रविवार, 7 सितम्बर को नगर कोतवाली क्षेत्र अंर्तगत बाधमंडी चौराहे पर पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव (अंशु) एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें लखनऊ ले जाकर आइकॉन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। लेकिन सबसे चिंता की बात यह है कि आशुतोष के घर की आर्थिक हालत ठीक नहीं है। परिजनों की अपील पर सर्वेश सिंह ने आशुतोष के इलाज के लिए मदद करने के लिए अभियान शुरू किया।
सर्वेश सिंह की मेहनत रंग लाई। समाजसेवी डॉ. सुधाकर सिंह ने पहले 25,000 की सहायता दी। उसके बाद पुन: 25,000 का सहयोग किया। सर्वेश सिंह का मानना है कि एक पत्रकार समाज का आईना होता है। अगर वह समाज के लिए 24 घंटे काम कर रहा है तो इस कठिन समय में समाज का भी कर्तव्य है कि वह उनके साथ खड़ा हो। डॉ. सुधाकर सिंह के आगे आने से आशुतोष श्रीवास्तव के इलाज में बहुत मदद मिली है। निश्चित ही ईश्वर अंशु को जल्द से जल्द स्वस्थ कर देंगे।

बुधवार, 24 सितंबर को आशुतोष श्रीवास्तव की पत्नी रश्मि श्रीवास्तव ने बताया कि आशुतोष मंगलवार को लखनऊ से घर लौट आए हैं। उनका इलाज यहां चल रहा है। उन्होंने डॉ. सुधाकर सिंह सहित जिन पत्रकारों, समाजसेवियों और व्यापारियों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया है, उन सभी के प्रति आभार प्रकट किया है। लेकिन अभी आशुतोष पूरी तरह से ठीक नहीं हैं। उन्हें आज भी जिंदगी बचाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। आपकी छोटी-सी मदद उनके लिए दवा का काम कर सकती है।


Leave a Reply