राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
छपरा कार्यालय। भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश के तत्वावधान में समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया का 9वां राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह बिलासपुर में संपन्न हो गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त (डीएम बिलासपुर) आईएएस राहुल कुमार ने समारोह में 32 विभूतियों को ‘राष्ट्र गौरव’ अवार्ड एवं नौ अन्य अलग-अलग प्रतिभाओं को उनके उल्लेखनीय कार्य के लिए ‘राष्ट्रीय प्रतिभा’ सम्मान से नवाजा है।
भव्य सम्मान समारोह का शुभारंभ उपायुक्त राहुल कुमार, समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसकेएफआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. जितेन्द्र बच्चन, विशिष्ट अतिथि कर्नल (रि.) जसवंत सिंह चंदेल और जिला भाषा अधिकारी श्रीमती नीलम चंदेल ने मां सरस्वती की मूर्ति के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर फेडरेशन के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष एवं समाजसेवी डॉ. अभिजीत कुमार श्रीवास्तव, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष डॉ राम स्वरूप भटनागर और बिहार के प्रदेश अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार तथा कायस्थ परिवार के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. विद्या भूषण श्रीवास्तव बतौर अतिथि उपस्थित रहे। हिमाचल प्रदेश की अध्यक्ष ललिता कश्यप और बिलासपुर जिलाध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने सभी अतिथियों का हिमाचली टोपी पहनाकर शॉल एवं पुष्पगुच्छ के साथ उनका स्वागत-सत्कार किया।
मुख्य अतिथि उपायुक्त राहुल कुमार ने जहां कुल सम्मानित 41 प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से अन्य लोगों को भी सामाजिक कार्य करने की प्रेरणा मिलती है, वहीं कार्यक्रम की अतिथि जिला भाषा अधिकारी (डीएलओ) श्रीमती नीलम चंदेल ने समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के कार्यों की प्रशंसा की है। विशिष्ट अतिथि कर्नल जसवंत सिंह चंदेल ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष की भी सराहना करते हुए भविष्य में पूर्ण सहयोग देने की घोषणा की।
इसके पूर्व फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र बच्चन ने संस्था के उद्देश्यों एवं कार्यक्रमों की चर्चा करते हुए कहा कि 77 सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं को जोड़ते हुए फेडरेशन देश के करीब दर्जन भर राज्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। विगत 05 मार्च 2019 से प्रारम्भ होकर देश के कई राज्यों में इस तरह के आयोजन कर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों को राष्ट्र गौरव से नवाजा है तथा दलगत भावना से ऊपर उठकर ज्वलन्त समस्याओं पर चर्चा किया है। यही नहीं सरकारी एवं गैर सरकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचने में सहयोग भी प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि रचनात्मक कार्य के रूप में यह संगठन समाज के वंचितों, असहायों व गरीबों की सेवा करते आया है।

मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित अन्य अतिथियों ने दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अभिजीत कुमार श्रीवास्तव, बिहार प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विद्या भूषण श्रीवास्तव एवं राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राम स्वरूप भटनागर को अंग वस्त्र एवं पुष्प गुच्छ देकर विशेष रूप से सम्मानित किया। जबकि छपरा के जिला अध्यक्ष कमल किशोर सहाय एवं जिला संगठन मंत्री ओम प्रकाश सिंह पराशर को भी उनके प्रतिनिधि के माध्यम से अंगवस्त्र एवं हिमाचली टोपी देकर सम्मानित किया गया।
इस आशय की जानकारी समारोह में शरीक होकर छपरा लौटने पर बिहार प्रदेश अध्यक्ष डॉ विद्या भूषण श्रीवास्तव ने दी तथा बताया कि कार्यक्रम होने से पहले कई लोगों ने एसकेएफआई की सदस्यता ग्रहण की और प्रदेश अध्यक्ष ललिता कश्यप ने प्रदेश व जिला कार्यकारिणी की घोषण भी की थी, जिससे इस अवसर पर पदाधिकारियों और सदस्यों में दोगुना उत्साह और जोश देखने को मिला। उन्होंने एक स्वर में कहा कि वे सभी संस्था के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों में शीघ्र ही एसकेएफआई की इकाई गठित की जाएगी।
प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित :
कार्यक्रम का सफल संचालन रविन्द्र कुमार शर्मा ने किया। आयोजक व प्रदेश अध्यक्ष ललिता कश्यप ने अपने सभी सहयोगियों का उनके सहयोग के लिए धन्यवाद और अतिथियों के प्रति अभार व्यक्त किया है। कार्यक्रम में एसकेएफआई को लेकर कई साहित्यकारों, कवियों और समाजसेवियों ने अपने-अपने विचार रखे। साथ ही महिला मंडल ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर मन मोह लिया। इस अवसर पर पत्रकार हेमन्त कुमार, सौरभ तिवारी एवं पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के केमिकल इंजीनियरिंग छात्र विभास भूषण को प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर मंच पर सम्मानित किया गया।

अगला आयोजन दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में 5 मार्च 2027 को :
वहीं शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा, कला-संस्कृति, सेना, पुलिस और पत्रकारिता से जुड़े कई गणमान्य उपस्थित रहे। अंत में दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अभिजीत कुमार श्रीवास्तव ने घोषणा की कि फेडरेशन के स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी 5 मार्च 2027 को नई दिल्ली में अगला राष्ट्र गौरव सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।


Leave a Reply