महिला अस्पताल के निरीक्षण में मिली खामियां, मंडलायुक्त ने लगाई फटकार

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। जिला महिला अस्पताल (एमएमजी) गाजियाबाद का मंडलायुक्त श्रीमती सेल्वा कुमारी जे ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई खामियां देखने को मिली, जिस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए तमाम व्यवस्था दुरुस्त करने की सख्त हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन, एडीएम एफआर सौरभ भट्ट, सीएमएस डॉ.अलका शर्मा, अन्य अधिकारी, चिकित्सक एवं अस्पताल के कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
मंडलायुक्त श्रीमती सेल्वा कुमारी ने अस्पताल में मरीजों से जानकारी ली। पात्र व्यक्तियों से जाना कि उन्हें पूरी तरह से सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं? इस बीच अस्पताल के कई वार्डों में साफ-सफाई, बिस्तर-चादर सहित अन्य की शुद्धता, खान-पान व शुद्ध वातावरण में तमाम कमियां नजर आईं। मण्डलायुक्त ने इस पर नाराजगी प्रकट करते हुए दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सैम बच्चों को समयानुसार पौष्टिक आहार देने का आदेश दिया।
मण्डलायुक्त ने कहा कि सैम मैम बच्चों के खान-पान, मनोरंजन सहित अन्य चीजों का विशेष ध्यान रखा जाए। मण्डलायुक्त के निरीक्षण में पता चला कि पात्र लाभार्थियों का समय से भुगतान नहीं हुआ है। इस पर उन्होंने महिला अस्पताल की सीएमएस को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द पूर्ण भुगतान करते हुए उसकी शत-प्रतिशत रिर्पोट कार्यालय भेजें।
उन्होंने सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन को निर्देशित किया कि किसी भी स्वास्थ्य विभाग के किसी भी अधिकारी, चिकित्सक, कर्मचारी के द्वारा किसी भी कार्य में लापरवाही या असंवेदनशीलता बरती जाती है तो उसके खिलाफ त्वरित कार्यवाही करते हुए नोटिस दिया जाए।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*