अगले दो साल में दो लाख नवजवानों को देंगे सरकारी नौकरी : मुख्यमंत्री योगी

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश सरकार अगले दो साल में दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देगी। उन्होंने कहा कि पहले नौकरियां निकलती थीं तो पश्चिमी यूपी के युवाओं को उससे वंचित रखा जाता था, मगर आज यहां के युवा और बेटियां नौकरियां प्राप्त कर रहे हैं। साथ ही यह भी बताया कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपदों में हर तीन माह में रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि शुक्रवार से प्रदेश में पुलिसकर्मियों की 60 हजार से अधिक नौकरियों के लिए भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो रही है। सरकारी नौकरियों में यहां के युवाओं को बढ़-चढ़कर भाग लेना होगा। कोई माई का लाल युवाओं की योग्यता पर प्रश्न नहीं खड़ा कर पाएगा। उन्होंने आगाह किया कि किसी ने भी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने की कोशिश की तो उसे जेल भेजने के साथ ही उसकी संपत्तियों को जब्त करके गरीबों में बांट दिया जाएगा।
सीएम योगी गुरुवार को यहां बीआईटी कॉलेज में आयोजित जनपद स्तरीय वृहद रोजगार एवं ऋण मेला में शामिल हुए। इस दौरान 5 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। साथ ही विभिन्न योजनाओं में चयनित पात्रों एवं एमएसएमई उद्यमियों में ऋण वितरित किया गया। साथ ही स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत एक हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट प्रदान किए गए।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*