राष्ट्रवादी विकास पार्टी, नेशनल यूथ पार्टी और स्वाभिमान पार्टी हुईं एकजुट
जितेन्द्र बच्चन
नई दिल्ली। केन्द्र और उत्तर प्रदेश सरकार को कड़ी टक्कर देने के लिए आज तीन पार्टियों ने मिलकर राष्ट्रवादी मोर्चा के गठन का ऐलान कर दिया। इस मोर्चे में राष्ट्रवादी विकास पार्टी, नेशनल यूथ पार्टी और स्वाभिमान पार्टी शामिल हैं। मंगलवार को होटल जनपथ में यूपी मिशन-2022 के फतह हासिल करने के लिए एक प्रेस वार्ता कर तीनों पार्टियों के नेताओं ने संयुक्त रूप से मोर्चे की घोषणा की। उन्होंने कहा कि एकता में ताकत है और जब एक विचारधारा के कर्मठ व्यक्ति मिल जाएं तो उन्हें कोई हरा नहीं सकता।
यूपी में उभरती हुई राष्ट्रवादी विकास पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अनूप के. श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र में सशक्त विपक्ष न होने के कारण सरकार अपनी मनमानी करने लगी है, इसलिए राष्ट्रवादी विकास पार्टी और स्वाभिमान पार्टी मिलकर अब उन्हें एक नयी शक्ति और विकल्प के साथ टक्कर देने की तैयारी में है। उन्होंने कहा कि जिस तरह देश इस समय भ्रमित हो रहा है, उसे एक दिशा में ले जाना बहुत ज़रूरी है। क्योंकि हम सर्वधर्म और सभी जातियों को एकसाथ लेकर चलना चाहते हैं। देश की सामाजिक और आर्थिक स्थिति व बढ़ती हुई बेरोज़गारी और शिक्षा के क्षेत्र में काम होना चाहिए लेकिन हो क्या रहा है, धर्म और जातिवाद, आपसी भाईचारे, प्रेम व देश की प्रतिष्ठा के साथ खिलवाड़। सम्पूर्ण भारत का माहौल ख़राब करने की कोशिश की जा रही है, ऐसा करने वाले राजनीतिक संगठनों के खिलाफ हम अपनी आवाज़ बुलंद करते हैं।
बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य पर देंगे ध्यान:
मंगलवार, 12 अक्टूबर को पत्रकारों को संबोधित करते हुए डॉ अनूप श्रीवास्तव ने कहा कि हमारी पार्टी का उद्देश्य आपसी भाईचारा, देश के नवजवानों को रोज़गार, हर गरीब छात्र-छात्राओं को शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य एवं हर व्यापारी जो टैक्स के बोझ तले दबकर व क़र्ज़ में डूबकर व्यापार बंद कर रहे हैं, उनके लिए सरल टैक्स प्रणाली लाना हमारा परम कर्तव्य है। क्योंकि उद्योग ही नहीं बचेंगे तो देश की आर्थिक हालत और खराब होगी। उन्होंने कहा कि देश में मज़दूरों और किसानों की बढ़ती बदहाली और उनके द्वारा आत्महत्या तक कर लेना घोर चिंता का विषय है।
प्रेस वार्ता में राष्ट्रवादी विकास पार्टी के अध्यक्ष ए.सी. भटनागर, राष्ट्रीय महासचिव ब्रिगेडियर अनिल श्रीवास्तव, स्वाभिमान पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष वीरेंद्र पांडेय, नेशनल यूथ पार्टी के महासचिव रजनीश झा, महिला मोर्चा की अध्यक्ष किरन श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष वित्त आयोग छत्तीसगढ़, पूर्व विधायक मंत्री, ब्रिगेडियर डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव, अध्यक्ष यूपी, स्वामी डॉ. अभिजीत 1008 महामंडलेश्वर, संयोजक यूपी, डॉ. प्रेम प्रकाश, आईआरटीएस (सेवानिवृत्त) संयोजक यूपी और सतीश त्रिपाठी, जनरल सेक्रेटरी, स्वाभिमान पार्टी और नरेंद्र शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक छत्तीसगढ़ उपस्थित रहे।
किसानों का कर्ज माफ होगा, ग्रेजुएशन तक मुफ्त शिक्षा:
ब्रिगेडियर अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रवादी मोर्चा की उत्तर प्रदेश में सरकार बनते ही किसानों द्वारा पूर्व में कृषि कार्य हेतु लिए गए सभी कर्ज माफ कर दिए जाएंगे। गन्ना उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सभी बन्द पड़ी चीनी मिलों को पुनः सरकारी देख-रेख में चालू किया जाएगा। कक्षा एक से पोस्ट ग्रेजुएशन तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। हॉस्टल, ड्रेस, शिक्षा सामग्री और पौष्टिक भोजन देने के अलावा रोज़गार शिक्षा देने का भी हमारा प्रयास होगा। इसके अलावा भूतपूर्व सैनिकों के बारे में विशेष ध्यान दिया जाएगा और शहीद जवानों के परिवार को वित्तीय मदद व रोज़गार मुहैया कराया जाएगा।
प्रतिमाह 400 यूनिट बिजली फ्री, छात्रों, महिलाओं व वरिष्ठ नागरिकों को बसों में यात्रा मुफ्त:
राष्ट्रवादी विकास पार्टी के अध्यक्ष ए.सी. भटनागर ने कहा कि हम शहरों के साथ-साथ गांवों का भी विकास करना कहते हैं। प्रतिमाह 400 यूनिट बिजली फ्री देंगे। पक्की सड़कें, 24 घंटे बिजली, गांव में अस्पताल व सभी नागरिकों को गैर सरकारी अस्पतालों में भी 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज, महिलाओं की सुरक्षा, कन्य जन्म पर 25000 रुपये फिक्स डिपॉजिट, बालिकाओं को शादी के समय ‘राष्ट्रवादी कन्यादान योजना’ के अंतर्गत 1,00,000 रुपये की अनुदान राशि, छात्रों व महिलाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों को राज्य परिवहन की बसों में मुफ्त यात्रा और महिलाओं को स्कूटी खरीदने पर 50 प्रतिशत अनुदान राशि दी जाएगी।
कई और पार्टियां होंगी मोर्चे में शामिल:
अनूप के श्रीवास्तव ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया 31 अक्टूबर को लखनऊ में अगली प्रेस वार्ता की जाएगी। उस रोज समान विचारधारा की कई पार्टियां और इस मोर्चे में शामिल होंगी। उसके बाद उत्तर प्रदेश के चुनाव के लिए नई रणनीति तैयार की जाएगी।


Leave a Reply