प्रीतिका बच्चन / राष्ट्रीय जनमोर्चा
गाजियाबाद। श्री दया शंकर सिंह मेमोरियल मेडिकल रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसायटी ने फ्लोरेस हास्पिटल के सहयोग से श्रीराम पिस्टन कंपनी में फ्री हेल्थ चेकअप कैम्प का आयोजन किया गया। इस कैंप का कुल 175 लोगों ने लाभ उठाया। इस मौके पर उपस्थित वरिष्ठ चिकित्सक डॉ एमके सिंह ने कहा कि गरीबों और असहाय लोगों की सेवा करना एक पुण्य का काम है। ऐसे मरीज जो अपना इलाज नहीं करा पाते हैं, उनके लिए इस तरह के शिविर वरदान साबित होते हैं।
डॉ. सिंह ने बताया कि गुरुवार, 2 फरवरी, 2023 को आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण शिविर में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क दवा वितरित की गई। कैंप में कुछ ऐसे मरीजों को चिन्हित किया गया है, जिनका इलाज गाजियाबाद के फ्लोरेस अस्पताल में नि:शुल्क करवाया जाएगा। डॉ सिंह ने सर्दी के इस मौसम में छात्र-छात्राओं के दैनिक दिनचर्या में होने वाले विभिन्न प्रकार के क्रियाक्लापों के बारे में लोगों को आगाह करते हुए कहा कि मौसम बदलने के साथ बीमारियों का प्रकोप शुरू हो जाता है। सबसे पहले बच्चे इनकी चपेट में आते हैं, इसलिए इस मौसम में सर्दी-खांसी, जुकाम जैसे तरह-तरह के वायरल और दूसरी बीमारियों से बचने के लिए उनका विशेष ख्याल रखना चाहिए।
श्री दया शंकर सिंह (एसडीएस) मेमोरियल मेडिकल रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसायटी की मीडिया प्रभारी ने सेवा कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। बताया कि संस्था द्वारा कई साल से मानव प्राणी की सेवा से लेकर पर्यावरण, शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में विशेष काम किया जा रहा है। साथ ही शिविर में स्वास्थ्य जांच कराने आए लोगों से भी ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ की इस संवाददाता ने बातचीत की। उनका कहना था कि नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में बड़ी सहजता के साथ डॉक्टर ने बातचीत की। उनकी परेशानी पूछी और मुफ्त दवा उपलब्ध कराई गई। कैंप में आई महिलाओं का कहना था कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर लगने चाहिए, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को सहायता मिल सके।


Leave a Reply