वरिष्ठ साहित्यकार से. रा. यात्री का निधन, साहित्य जगत में शोक की लहर

जितेन्द्र बच्चन
गाजियाबाद। देश के सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्री से. रा. यात्री का आज सुबह निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्होंने कवि नगर स्थित अपने निवास एफ/ई-7 पर अंतिम सांस ली। अंतिम संस्कार आज हिंडन श्मशान घाट (गाजियाबाद) पर अपराह्न तीन बजे किया जाएगा।
से. रा. यात्री आत्मज स्व. श्री होशियार सिंह का जन्म उत्तर प्रदेश के जिला मुजफ्फरनगर के ग्राम जड़ौदा में 10 जुलाई 1932 को हुआ था। उन्होंने एम. ए. हिन्दी और एम. ए. राजनीति शास्त्र की शिक्षा प्राप्त की थी। एक दिन पहले गुरुवार को दीपशिखा ट्रस्ट के ट्रस्टी डॉ. अजय गोयल ने बताया था कि वयोवृद्ध गांधीवादी साहित्यकार से. रा. यात्री को उनकी सृजन यात्रा के लिए 18 नवंबर को
‘दीपशिखा’ सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। इस अवसर पर उन्हें अंग वस्त्र व श्रीफल के अलावा 50 हजार रुपये की राशि भी प्रदान की जाएगी। लेकिन उससे पहले ही आज (17 नवंबर, 2023) शुक्रवार की सुबह यात्रीजी गोलोक सिधार गए।
उल्लेखनीय है कि विगत 50 वर्षों से लेखन में सक्रिय श्री यात्री देश विदेश की विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में 300 से अधिक कहानियां, 40 से अधिक कहानी संग्रह, 32 से अधिक उपन्यास के अलावा संस्मरण, व्यंग्य और साक्षात्कार की लगभग 150 पुस्तकों का प्रकाशन हो चुका है। जिनमें उपन्यास के रूप में ‘दराजों में बंद दस्तावेज’, ‘लौटते हुए’, ‘टापू पर अकेले’, ‘चांदनी के आर-पार’, ‘बीच की दरार’, ‘अंजान राहों का सफ़र’, ‘कईं अंधेरों के पार’, ‘प्यासी नदी”, ‘एक छत के अजनबी’ व ‘जिप्सी स्कॉलर’, कहानी संग्रह ‘दूसरे चेहरे’, ‘अलग अलग अस्वीकार’, ‘काल विदूषक’, ‘धरातल’, ‘केवल पिता’ व ‘सिलसिला” खासे चर्चित रहे हैं। उनके संस्मरण, व्यंग्य, साक्षात्कार व डायरी के रूप में लगभग 150 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*