जितेन्द्र बच्चन/ राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
गाजियाबाद। सीएम योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में रविवार को प्रदेशव्यापी ‘पौधरोपण महाअभियान- 2026’ के अंतर्गत विजयनगर स्थित रक्षा भूमि राइफल रेंज परिसर में 50 हजार पौधे लगाए गए। इसके अलावा जिले में अन्य कई स्थानों पर “सबका साथ, वनों का विकास”तथा “एक पेड़ माँ के नाम”थीम पर भी पौधरोपण किए गए।
12 जुलाई को रक्षा भूमि राइफल रेंज परिसर में जिला प्रशासन एवं सामाजिक वानिकी प्रभाग गाजियाबाद के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश नरेंद्र कश्यप रहे। अतिथियों को पौधे एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मानित किया गया।
नरेंद्र कश्यप ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों को देवतुल्य माना गया है तथा इनके संरक्षण में ही मानवता का कल्याण निहित है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों से निपटने तथा भावी पीढ़ी को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान करने के लिए पौधरोपण को अत्यंत आवश्यक बताते हुए सभी नागरिकों से अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सदर विधायक संजीव शर्मा ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि आज विजयनगर स्थित जिस रक्षा भूमि राइफल रेंज में पौधरोपण किया गया है, वहां 2025 से पूर्व अतिक्रमण, गंदगी एवं असामाजिक गतिविधियों की स्थिति थी। जिला प्रशासन एवं वन विभाग के संयुक्त प्रयास से क्षेत्र का कायाकल्प हुआ है। आज यहां क्षेत्र हरित एवं स्वच्छ वातावरण हो चुका है। उन्होंने सभी नागरिकों से पौधे लगाने और वृक्षों की देखभाल करने की अपील की है।
डीएफओ श्रीमती ईशा तिवारी के अनुसार, जनपद को इस वर्ष 1022300 पौधों के रोपण करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। हमारा प्रयास है कि निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधरोपण किए जाएं। जबकि जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने पौधरोपण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूनम शर्मा ने किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, एसडीएम अरुण दीक्षित, जिला विद्यालय निरीक्षक बुद्ध प्रिय सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ.पी. यादव, उप विभागीय वनाधिकारी डा. सलोनी, क्षेत्रिय वनाधिकारी निमि कुचिया, क्षेत्रिय वनाधिकारी मोदीनगर अमित सिंह, स्थानीय नागरिक, छात्र-छात्राएं आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply