गाजियाबाद: स्वागत के साथ-साथ समस्याओं से भी रूबरू हुए नए डीएम

जितेन्द्र बच्चन / राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो प्रमुख
गाजियाबाद। नवनियुक्त जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने गुरुवार को जिले का कार्यभार सांभालते हुए अपनी बेहतरीन कार्यशैली का परिचय दिया। उन्होंने सुबह 10:20 बजे पदभार ग्रहण किया और उसके तुरंत बाद कलेक्ट्रेट का निरीक्षण करने निकल पड़े। इस बीच कई अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया तो कुछ स्थानों पर उन्हें समस्याओं का अंबार भी देखने को मिला। इंद्र विक्रम सिंह ने फौरन मताहतों को निर्देशित किया, “ऐसे नहीं चलेगा! साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दीजिए और समस्याओं का हमेशा गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें। थोड़ी सी भी लापरवाही ठीक नहीं है।”
सन 2010 बैच के आईएएस इंद्र विक्रम सिंह की पहले दिन की कार्यप्रणाली देखकर एक उम्मीद तो बधी है कि आगे भी अच्छा होगा। लोगों की फरियाद सुनी जाएगी। चुनाव, भूजल, ट्रैफिक, पार्किंग, मिलावट आदि की दिक्कतों से निजात मिलेगी। यही डीएम इंद्र विक्रम सिंह की प्राथमिकता भी है। दोपहर करीब एक बाजे वह जिले के पत्रकारों से रूबरू हुए। हर सवाल का जवाब दिया, “शासनादेश का अनुसरण करते हुए विकास और जनसेवा के लिए सदैव प्रयासरत रहूंगा।”
जन-जागरूता बढ़ाएंगे:
नवनियुक्त जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह गाजियाबाद से पहले अलीगढ़ के डीएम थे। इसके अलावा कई अन्य जिलों के भी जिलाधिकारी रहे हैं। अब यहां के लोगों को उनसे बहुत उम्मीदें हैं, वहीं उनके लिए कई चुनौतियां भी हैं। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित कई योजनाओं को पूरा कराना है। जन शिकायतों को सुनना और जनसुविधाएं पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना एक कठिन कार्य है। इसके अलावा पत्रकारों ने उनसे यातायात, पर्यावरण, स्वास्थ्य और बढ़ते अपराध से निपटने के लिए भी सवाल किए, सभी का एक ही जवाब दिया- समस्याओं के निराकरण के लिए सम्बंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुधार लाया जाएगा। साथ ही आप लोगों के सहयोग से जनता में जागरूता बढ़ाएंगे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*