राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। अखिल भारतीय किसान सभा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नोएडा प्राधिकरण पर चौथे दिन भी जारी धरना-प्रदर्शन में हिस्सा लिया। प्रदर्शन को अधिक धार देने के लिए निर्णय लिया गया है कि 8 फरवरी को महापंचायत में शामिल सभी संगठनों के कार्यकर्ता और किसान दिल्ली के लिए ट्रैक्टर मार्च कर कूंच करेंगे, जहां संसद का घेराव किया जाएगा।
किसान सभा के जिलाध्यक्ष डॉ रुपेश वर्मा ने शुक्रवार को हुई महापंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि तीनों प्राधिकरण में मुद्दे एक जैसे हैं। जनप्रतिनिधि एवं प्राधिकरणों के अधिकारी किसानों के मुद्दों की उपेक्षा कर रहे हैं। कोई ठोस आश्वासन अभी तक नहीं मिला है। इसलिए सभी संगठनों ने मिलकर यह निर्णय लिया है कि बजट सत्र के चलते रहने के दौरान ही 8 फरवरी को संसद का ट्रैक्टर मार्च कर घेराव किया जाए।
सीटू के जिलाध्यक्ष गंगेश्वर दत्त शर्मा भी इस महापंचायत में मौजूद रहे। उन्होंने सीटू की ओर से सभी मजदूर संगठनों किसानों का साथ देने की अपील की है। सुनील फौजी और सुखबीर खलीफा ने भी कहा है कि नोएडा के सभी 81 गांवों के किसान हजारों की संख्या में 8 फरवरी को संसद के घेराव के लिए मार्च करेंगे। इससे पहले 7 फरवरी को ग्रेटर नोएडा में महापंचायत होगी, जिसमें नोएडा के भी किसान बड़ी तादाद में शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर शुक्रवार को भी किसान सभा का धरना-प्रदर्शन चौथे दिन लगातार जारी रहा। आज के धरने का नेतृत्व वीर सिंह, अशोक भाटी, प्रशांत भाटी, सुशांत भाटी, संदीप भाटी, शांति देवी और गुरप्रीत एडवोकेट ने किया। प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई। धरने में कोषाध्यक्ष अजीतपाल भाटी, गवरी मुखिया सतीश यादव, सुरेश यादव, मोहित यादव, मोहित भाटी, अजब सिंह नेताजी, मोहित नागर, तिलक देवी, जोगेंद्री देवी, पूनम देवी, प्रेमवती, कमलेश देवी, निशांत रावल, सुधीर रावल, केशव रावल, भोजराज रावल, सुरेंद्र भाटी, पप्पू ठेकेदार, मनवीर भाटी खानपुर, विनोद सरपंच, सुरेंद्र यादव, गौरव यादव, विजय यादव, दुष्यंत सेन, मीनू लोहिया, अजब सिंह, विकास गुर्जर आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply