राष्ट्रीय जनमोर्चा। ब्यूरो
गाजियाबाद। कायस्थ समाज को एकजुट करना, स्वावलंबी बनाने और राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में समाज की भागीदारी को बढ़ाने के लिए गाजियाबाद चित्रांश महासभा ने रविवार को कायस्थ महासम्मेलन एवं चित्रांश संसद का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने दीप प्रज्ज्वलित कर महासम्मेलन का शुभारंभ किया। उन्होंने आयोजक मंडल एवं समस्त चित्रांश समाज को इस भव्य एवं सार्थक आयोजन के लिए हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि कायस्थ समाज की एकता, संगठन और सामाजिक योगदान को समर्पित यह आयोजन निश्चित रूप से समाज को नई ऊर्जा एवं दिशा देगा।
27 सितंबर को लोहियानगर स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित महासम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. सक्सेना ने भगवान श्री चित्रगुप्त के आदर्शों, समाज की एकता, संगठन, सेवा एवं सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में विचार साझा किए। डॉ. सक्सेना ने स्वावलंबन पर जोर देते हुए कहा कि कायस्थ समाज को अब केवल सरकारी या निजी नौकरियों पर निर्भर रहने के बजाय खुद को आत्मनिर्भर बनाना होगा। युवाओं को एंटरप्रेन्योरशिप (उद्यमिता) और व्यापार की ओर कदम बढ़ाने चाहिए, ताकि वे दूसरों को भी रोजगार दे सकें।
सनातन अगर जिंदा है तो इसका मुख्य कारण चित्रगुप्त परिवार है: नंद किशोर गुर्जर

महासम्मेलन में नोएडा से महर्षि यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति सह अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव भी पधारे। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अलख जगाने पर जोर दिया। जबकि लोनी (गाजियाबाद) के विधायक नन्द किशोर गुर्जर ने कहा कि कायस्थ समाज के बगैर समाज अधूरा है, कायस्थ परिवार सिर्फ अपनी चिन्ता नहीं करता बल्कि दश और समाज का भी चिन्तन करता है। आज अगर सनातन जिन्दा है तो इसका मुख्य कारण चित्रगुप्त परिवार है। नन्दग्राम के नगर पार्षद विरेन्द्र त्यागी ने भी कहा कि समाज को आगे बढ़ाने में आज भी चित्रगुप्त परिवार का योगदान है।
18 राज्यों की कायस्थ संस्थाओं के पदाधिकारी हुए शामिल
‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को गाजियाबाद चित्रांश महासभा के अध्यक्ष विनोद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आज के महासम्मेलन में देश की 18 राज्यों की कायस्थ संस्थाओं के पदधिकारी शामिल हुए। मुख्य रूप से पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, उड़ीसा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, तेलंगाना, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई जिलों के कायस्थ बंधुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

अतिथियों को अध्यक्ष विनोद श्रीवास्तव ने किया सम्मानित
इस अवसर पर कायस्थ शादी-विवाह. कॉम के नाम से एक वैवाहिक वेबसाइट भी लॉच की गई, जिसका उद्घाटन राज्य मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना ने किया। जबकि महासम्मेलन को संबोधित करते वालों में बीजेपी नेता मनोज सक्सेना और समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र बच्चन के अलावा कई कायस्थ नेता शामिल रहे। सभी अतिथियों का गाजियाबाद चित्रांश महासभा के अध्यक्ष विनोद श्रीवास्तव ने प्रतीक चिन्ह व अंगवस्त्र के साथ उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम की सफलता के लिए महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष नूपुर श्रीवास्तव ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया।


Leave a Reply