ट्रिपल मर्डर से गाजियाबाद थर्राया, महिला की हालत गंभीर

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
गाजियाबाद। लोनी थाना क्षेत्र के टोली मोहल्ला में बीती रात कुछ बदमाशों ने एक घर में घुसकर परिवार के चार लोगों को गोली मार दी। इस अंधाधुंध फायरिंग में पिता और उसके दो बेटों की मौत हो गई, जबकि मां की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस ट्रिपल मर्डर से गाजियाबाद एक बार फिर थर्रा उठा। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि घटना की जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
पुलिस के अनुसार लोनी के टोली मोहल्ले में कपड़ा व्यापारी रियाज उर्फ रहीसुद्दीन रहते थे। उनके परिवार में पत्नी फातिमा, बेटा इमरान और अज्जू था। रईसुद्दीन ने घर में भी कपड़े की दुकान कर रखी थी। रविवार, 27 जून की रात 2:45 बजे कुछ बदमाश घर में घुस आए और आते ही उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरू कर दी। रहीसुद्दीन (70), फातिमा (65), इमरान (30) और अज्जू (28) लहूलुहान होकर गिर पड़े। लेकिन गोलीबारी की आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग जब तक मौके पर पहुंचे, बदमाश फरार हो चुके थे और घर के चारों लोग खून से लथपथ पड़े थे। तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस सभी घायलों को अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान रहीसुद्दीन और उनके दोनों बेटे इमरान व अज्जू की मौत हो गई। जबकि पत्नी फातिमा की हालत गंभीर बनी हुई है। तीन-तीन लोगों की हत्या से गाजियाबाद एक बाद फिर थर्रा उठा। सूचना मिलते ही डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक, आईजी (मेरठ) प्रवीण कुमार सहित तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का लगता है। क्योंकि लूटपाट जैसी कोई वारदात सामने नहीं आ रही है। मामले की तहकीकात जारी है। हमलावरों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगी हुई हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*