कभी गाजियाबाद पर बनती थी अपराध की फिल्में, अब सुव्यवस्था का मॉडल बना

जितेन्द्र बच्चन राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
गाजियाबाद। गुरुवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीईएल (सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड) के कार्यक्रम के लिए गाजियाबाद में थे। इस दौरान पत्रकारों से संवाद में उन्होंने गाजियाबाद की तस्वीर बदलने का दावा किया। सीएम ने कहा कि पीएम मोदी की प्रेरणा व मार्गदर्शन में पिछले आठ वर्ष में यूपी सरकार ने जो कार्य किया है, उससे गाजियाबाद की चमक सभी देख सकते हैं। कभी जिस गाजियाबाद के नाम पर अपराध व गैंगवार की फिल्में बनती थीं, वह आज विकास, स्वच्छता व सुव्यवस्था का मॉडल बनकर उभर रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि यहां के बारे में लोगों की धारणा बदली है। दुनिया की 50 और प्रदेश की प्रथम स्वच्छ सिटी के रूप में गाजियाबाद का नाम आ रहा है। करीब 10 साल पहले कोई सोचता नहीं था कि जनपद 12 लेन के ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के साथ जुड़ेगा और देश की पहली रैपिड रेल गाजियाबाद से होकर गुजरेगी। लेकिन आज यहां रैपिड रेल, 12 लेन हाईवे, मेट्रो और एयरपोर्ट भी है।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करने से पहले कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे जत्थे को शुभारंभ किट उपलब्ध करायी। उन्होंने यात्रियों का अभिनंदन करते हुए उनकी सुखद-मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए बताया कि यूपी सरकार की तरफ से सभी यात्रियों को एक-एक लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। कैलाश मानसरोवर भवन हमने यात्रियों की सुविधा के लिए स्थापित किया था। आज 200 से अधिक श्रद्धालु इस भवन में आकर यात्रा का हिस्सा बनने जा रहे हैं।
सीएम ने कहा कि गाजियाबाद अब ग्रेटर गाजियाबाद के रूप में नई यात्रा प्रारंभ कर रहा है। यहां सभी संस्थाओं ने अच्छे कार्य किए हैं। उन्होंने खोड़ा, लोनी, मुरादनगर को गाजियाबाद नगर निगम का हिस्सा बनाने और इसके वृहद विकास की कार्ययोजना तैयार करने के लिए भी कहा है। साथ ही बाबा दुग्धेश्वरनाथ मंदिर कॉरिडोर निर्माण एवं सभी जनपदीय मुख्यालयों को एक छत के नीचे लाने व पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय के जरिए मुख्यालय के रूप में सुरक्षा व बेहतरीन कानून व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।
पत्रकार वार्ता के दौरान योगी सरकार के मंत्री सुनील कुमार शर्मा, नरेंद्र कश्यप, गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग, महापौर सुनीता दयाल, विधायक संजीव शर्मा, मंजू सिवाच, नंदकिशोर गुर्जर व बागपत के सांसद राजकुमार सांगवान आदि उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*