CM योगी ने CEL डाटा सेंटर का किया शिलान्यास, कहा- विकसित भारत का सपना होगा साकार

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो प्रमुख
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने गुरुवार को साहिबाबाद में सीईएल-ईएसडीएस ग्रीन डेटा सेंटर का शिलान्यास किया। इस अवसर पर सीएम योगी ने सीईएल द्वारा विकसित हो रहे नए ग्रीनफील्ड डाटा सेंटर पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह संस्थान अब ‘अमृत काल’ में प्रवेश कर चुका है और पीएम मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने में निर्णायक भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने सीईएल (सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड) की 50 वर्षों की यात्रा को एक सक्सेस स्टोरी बताते हुए इसे भारत के औद्योगिक पुनरुत्थान व आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया। उन्होंने इसे पीएम मोदी के 2047 के विकसित भारत विजन का प्रमुख स्तंभ बताते हुए कहा कि सीईएल जैसे संस्थानों के माध्यम से ही नया भारत अपनी शक्ति, तकनीक और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। इससे पहले योगी ने सीईएल स्वर्ण जयंती समारोह एवं डाटा सेंटर के शिलान्यास पर विधिवत पूजा-अर्चना की और वहां आयोजित एक प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
कार्यक्रम में सीईएल की ओर से जहां भारत सरकार को 21 करोड़ रुपये के लाभांश का चेक भेंट किया गया, वहीं सीईएल और मल्टी इंफ्रा के बीच 200 मेगावाट सोलर मॉड्यूलर के लिए एमओयू भी किया गया। जबकि मुख्यमंत्री योगी ने सीईएल के विकास को उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर से जोड़ा। उन्होंने बताया कि पिछले आठ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था ढाई गुना बढ़ी है और 6 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है।
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि सीईएल का अपना एक इतिहास है। इस संस्थान ने 1970 में पहले सोलर सेल को ईजाद किया था। आज 50 साल बाद अब यह ग्रीन डाटा सेंटर भी शुरू करने जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए आपका नाम इतिहास में दर्ज हो गया और मुझे खुशी है कि मेरे मंत्रालय के दो संस्थाओं ने भी उसमें अपना योगदान किया।
उन्होंने कहा कि बहुत जल्द हम नोएडा में आईआईटी के अंदर देश का पहला क्वांटम यूनिट स्थापित करेंगे। इसके साथ ही, लखनऊ के नजदीक बायोटेक्नोलॉजी पार्क स्थापित करेंगे और अगस्त में दो या तीन दिवसीय एक स्टार्टअप कॉन्क्लेव आयोजित करने की भी योजना बना रहे हैं। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के आईटी मिनिस्टर सुनील कुमार शर्मा, राज्य मंत्री समाज कल्याण विभाग असीम अरुण और पिछड़ा वर्ग एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप भी मौजूद रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*