जीकेसी का एकदिवसीय योग वर्कशॉप संपन्न, योग गुरु ने दिए स्वस्थ रहने के टिप्स

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नयी दिल्ली। ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी), अयूरयोगा लाइफ इंस्टीच्यूट और धृति योगा के सौजन्य से एक दिवसीय वर्चुअल योगा वर्कशॉप में लोगों को योग प्रशिक्षण दिया गया। वैश्विक कोरोना महामारी संकट के समय योगा का महत्व और भी बढ़ गया है। इसकी उपयोगिता को देखते हुए देश ही नहीं विदेशों में भी लोग योगा को अपनी दिनचर्या में शामिल कर रहे हैं।
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा दिये गये दिशा निर्देशों में अनुसार योगा एक अचूक निवारक उपायों में से है जो आज के काल में एक बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। योगा वर्कशॉप में जाने माने योग प्रशिक्षक गुरु मनुतत्त्वा और गुरु मां ब्रह्मध्यानम ने लोगों को प्रशिक्षित किया। योगा के लाभ बताए। योगा सेशन में शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने वाले विभिन्न आसनों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार के संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी है कि शरीर की इम्यूनिटी मजबूत हो, इम्यूनिटी को बेहतर बनाए रखने के लिए पौष्टिक आहार के साथ भी नियमित तौर पर योगाभ्याखस भी करना चाहिए।
वर्चुअल योगा वर्कशॉप में जीकेसी इंडिया एंड ओवरसीज इकाई के अलग-अलग प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और पदाधिकारियों ने शिरकत की। गुरु मनुतत्त्वा ने बताया कि योग को एक श्रेष्ठ साधना के रूप में प्रशिक्षित करें और मन को अपने सबसे अच्छे दोस्त के रूप में ढालने के लिए अनुशासन में रखें, जिससे आप जीवन की स्थितियों को आसानी से और प्रभावी ढंग से आगे बढ़कर चुनौतियों और बाधाओं को पार कर सकें। गुरु मां ब्रह्मध्यानम ने बताया कि योगाभ्यास के साथ-साथ, खुशहाल योग यात्रा के लिए आहार, विचार और व्यवाहर में संतुलन का ध्यान रखें।
जीकेसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि योग करने से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं। कोरोना काल में योग के जरिए इम्युनिटी बढ़ाने के साथ ही शरीर को निरोग और मन को शांत रखा जा सकता है। अपने परिवार के साथ योगाभ्यास कर हम अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ा सकते हैं। बार-बार सिर्फ कोरोना के बारे में सुनने से हमारे मन में कहीं-न-कहीं नकारात्मकता पैदा हो रही है। हमें सकारात्मक रहने की जरूरत है, जिससे कोरोना की यह लड़ाई हम जीत सकें। यदि हमारी सोच सकारात्मक है तो हम इस संकट के दौर पर भी जल्द ही विजय पा लेंगे। हमे अपने दिन की शुरुआत योगा से करनी चाहिये। जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के लिए योगा सबसे अच्छा माध्यम है। कोरोना को हराना है तो योग ही करना होगा। श्री प्रसाद के अलावा जीकेसी डिजिटल-संचार प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कर्नाटक के प्रभारी आनंद कुमार सिन्हा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं ओवरसीज विंग के प्रभारी अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने भी अपने विचार रखे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*