हिन्दी का दुनिया भर में विस्तार हो रहा है: प्रोफेसर लोहनी

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। आध्यात्मिक मीडिया स्टूडियो में ‘सृजन-संवाद’ के पटल पर सुप्रसिद्ध भाषा विज्ञानी एवं चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो नवीन चंद्र लोहनी के साथ अमर भारती साहित्य संस्कृति संस्थान के महासचिव प्रवीण कुमार की एक भेंटवार्ता संपन्न हुई। वार्तालाप के दौरान प्रो लोहनी ने देश-विदेश में हिंदी भाषा की अवस्थिति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि दुनिया के क़रीब 150 विश्वविद्यालयों में हिंदी को एक प्रमुख भाषा के रूप में पढ़ा-और पढ़ाया जा रहा है। संपर्क भाषा के रूप में दुनिया भर में हिंदी का विस्तार हो रहा है।
प्रो लोहनी के अनुसार हिंदी के विस्तार के साथ ही भारतीय संस्कृति एवं मूल्यों से भी लोग परिचित एवं प्रभावित हो रहे हैं। दुनिया के विभिन्न देशों में बसे करीब तीन करोड़ प्रवासी भारतीय इस कार्य को बखूबी अंजाम दे रहे हैं। वे न सिर्फ़ हिंदी भाषा में आपसी संवाद कर रहे हैं बल्कि कारोबार भी कर रहे हैं। इस सब से बढ़कर एक और बड़ी बात यह है कि करीब 300 कवि-लेखक हिंदी में सृजन भी कर रहे हैं। पत्र-पत्रिकाओं का प्रकाशन भी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डिजिटल टेक्नॉलॉजी ने इन प्रयासों को और बल प्रदान किया है। बड़ी संख्या में ई- बुक्स और ई- मैग्जीन्स का प्रकाशन किया जा रहा है। तेज़ी से हिंदी ज्ञान-विज्ञान एवं तकनीक की भाषा के रूप में भी सशक्त हो रही है। इस वार्तालाप के दौरान आध्यात्मिक मीडिया स्टूडियो के निदेशक विपिन त्यागी भी मौजूद रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*