जीडीए मानकों को ताक पर रखकर दुकान के आगे किया अवैध निर्माण

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। एक तरफ जीडीए वीसी अतुल वत्स के निर्देश पर जोन प्रभारी सहायक व अवर अभियन्ताओं के नेतृत्व में अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है तो दूसरी ओर विजय नगर प्रवर्तन ज़ोन 4 में अधिकारी अवैध निर्माण कर्ताओं के साथ दोहरा मापदंड अपना रहे हैं। ताजा मामला सेक्टर 11 का है।
कुछ समय पूर्व एक शिकायत पर जोन चार के सम्बन्धित अधिकारियों ने सेक्टर 11 प्रताप विहार एफ ब्लॉक नगर निगम लीलावती पार्क के पास खाली भूमि पर किए अतिक्रमण को हटाया था, लेकिन पास में ही आरके ट्रेडर्स के नाम से बिल्डिंग मैटेरियल का कारोबार करने वाले राज कुमार यादव द्वारा पिलर खड़े कर सार्वजनिक उपयोग के लिए जीडीए द्वारा छोड़ी गई भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए बरामदे को ध्वस्त नहीं किया। इससे साबित होता है कि जीडीए के सहायक अभियंता अवैध निर्माणकर्ता को संरक्षण दे रहे हैं?
अब प्रताप विहार के ही अमन यादव पुत्र महेश यादव ने जीडीए उपाध्यक्ष को शिकायत देकर राजकुमार यादव द्वारा 7/9,7/10,7/11 के आगे अवैध रूप से निर्मित बरामदा को ध्वस्त करने की मांग की है। जीडीए को दिए गए शिकायती पत्र में उन्होंने कहा है कि सेक्टर 11 एफ ब्लॉक प्रताप विहार में जीडीए ने छोटे छोटे व्यावसायिक भूखंड आवंटित किए थे। यहीं पर उनका भी भूखंड है। ठीक उनके सामने ही राजकुमार यादव बिल्डिंग मैटेरियल का धंधा चला रहा है जो एक दबंग प्रवृति का व्यक्ति है। उसने दुकानों के सामने जीडीए द्वारा वाहन पार्क के लिए छोड़ी गई सार्वजनिक भूमि को अपने कब्जे में लेकर पिलर खड़े कर जीडीए मानकों के विपरीत अवैध रूप से बरामदा बना लिया जो जीडीए नक्शा का उल्लंघन है।
बरामदा में ही निर्माण सामग्री ईंट, बदरपुर डस्ट सीमेंट आदि सामान बाहर सड़क तक फैलाता है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। इस मामले की शिकायत नगर निगम से भी की जा चुकी है। लेकिन सबके सब नतमस्तक हैं। यह अलग बात है कि अवैध निर्माण की खबर सामने आने पर जोन 4 के अधिकारी बौखलाए हुए हैं। क्या यह मान लें कि जोन 4 के ए ई व जे ई राजकुमार यादव द्वारा अवैध रूप से पिलर खड़े कर बनाए गए बरामदे को पूरा संरक्षण दे रहे हैं?
लोगों का मानना है कि जीडीए अधिकारियों की यही अनदेखी कहीं कोई और रूप न ले ले। सवाल उठता है जब जीडीए वीसी के अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के सख्त आदेश है तो आर के ट्रेडर्स राजकुमार यादव द्वारा किए गए अवैध निर्माण को जोन 4 के प्रभारी, सहायक अभियंता, अवर अभियंता आखिर ध्वस्त क्यों नहीं कर रहे? आखिर उन्हें राजकुमार यादव से इतनी हमदर्दी क्यों है?

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*