राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गजियाबाद। सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल में दो दिवसीय पॉम-पॉम शो का भव्य आयोजन किया गया। नर्सरी, केजी, प्रेप व कक्षा एक व दो के नन्हे-मुन्नों ने दोहा, गीत और नाटक आदि में प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निदेशक तन्वी कपूर गोयल ने कहा कि बचपन ही वह समय है जब हमारा जीवन सबसे अद्भुत और समृद्धि भरा होता है। बच्चों का हंसना, खेलना और सीखना समाज की नई पीढ़ी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यकम की शुरूआत गणेश वंदना से हुई। बच्चों की गतिविधियों के अनुसार उनके उत्साहवर्धन के लिए उन्हें प्रमाण पत्र दिए गए। कार्यक्रम का संचालन एकता कोहली, मंजु कौशिक, अदिति, अक्षत, पार्थ, लविका, काव्या और आद्या द्वारा किया गया। राग मियां मल्हार और मेघ मल्हार और जल संरक्षण पर आधारित मूक नाटिका ने दर्शकों की भरपूर तालियां बटोरीं। बच्चों की तुतलाती भाषा में बोले गए दोहे, श्लोक और मंत्र सभी के आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चे अभिभावकों को यह समझाने में सफल रहे कि भगवान कण-कण में है। आकर्षण का केंद्र बने अकबर बीरबल के नाटक और कव्वाली ने तो समां ही बांध दिया। रिदम ऑफ विक्ट्री, बिहू बोनांजा, द फ्यूचर अवेट्स, फ्यूजन, द डिवाइन जर्नी जैसे कार्यक्रमों ने सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया।
मशहूर शायर गोविंद गुलशन और संपादक आलोक यात्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय की फाउंडर और डायरेक्टर माला कपूर ने सभी अभिभावकों को संबोधित करते हुए तथा बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि कितने लोग हैं जो मंच पर चढ़ने का साहस दिखा पाते हैं। अपने आशिर्वचनों से उन्होंने बच्चों का मनोबल बढ़ाया। अभिभावकों ने भी अध्यापिकाओं की मेहनत को सराहा।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका उमा नवानी, सोनिया सेहरा, एकता कोहली, मीना उत्तम, सुप्रिया, कुलदीप, वंदना, नम्रता, हिमांशी, गुंजन, नीना, चिरोश्री, पूजा, शालिनी, हिमानी, लवी, अक्षय तथा अनुज शर्मा उपस्थित रहे।


Leave a Reply