अखिलेश यादव के एक और करीबी अजय चौधरी उर्फ संजू नागर के 40 ठिकानों पर आयकर के छापे

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
बागपत। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के करीबी नोएडा के बड़े व्यापारी अजय चौधरी उर्फ संजू नागर के 40 ठिकानों पर मंगलवार को तडक़े आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की है। बागपत में टीमें सुबह पांच बजे तीन गाडिय़ों में सवार होकर पहुंची और यहां महरमपुर गांव के बाहर फार्म हाउस में मौजूद हैं। इसके अलावा दिल्ली, नोएडा और आगरा के प्रतिष्ठानों पर भी छापेमारी होने की खबर है, वहीं बागपत में आयकर विभाग के डिप्टी डायरेक्टर राजीव प्रसाद की अगुवाई में टीम पहुंची है।
अजय चौधरी को संजू नागर के नाम से भी जाना जाता है। वह एनसीआर के बड़े बिल्डर्स में से एक है। उनकी अन्य फर्म एसीई ग्रुप भी है। एसीई ग्रुप के अजय चौधरी उर्फ संजू को सपा प्रमुख का करीबी बताया जाता है। बागपत के गांव महरामपुर निवासी अजय चौधरी उर्फ संजू नागर नोएडा में रहते हैं और वह एसीई ग्रुप के चेयरमैन हैं। मंगलवार की सुबह पांच बजे सात सदस्यीय आयकर विभाग की टीम ने उनके फार्म हाउस पर छापा मारा। अजय के परिवार में बड़े भाई सतीश व मां हैं। फिलहाल गांव में परिवार का कोई सदस्य नहीं है।
ग्रामीणों की माने तो अजय ने करीब नौ साल पहले गांव में माता का जागरण कराया था। जागरण में लग्जरी कारों से वीआईपी शामिल हुए थे। अजय को सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का करीबी बताया जा रहा है। कुछ सपाईयों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि अजय चौधरी की अखिलेश यादव के नजदीक होने का कई नेताओं ने सपा की सरकार में फायदा उठाया था। ग्रामीणों ने बताया कि अजय दीपावली पर गांव में आया था। अजय गांव में आने के दौरान गांव के लोगों से कम ही मिलता था।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*