राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल प्रताप विहार में हिंदी विभाग के द्वारा हिंदी भाषा के प्रयोग को प्रोत्साहन देने हेतु 8 से 14 सितंबर तक हिंदी सप्ताह का आयोजन किया गया। इस बीच विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के साथ-साथ हिंदी दिवस की प्रार्थना सभा विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
हिंदी सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों ने कविता गायन प्रतियोगिता, पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता, नारा लेखन प्रतियोगिता, लघु कथा एवं कहानी लेखन प्रतियोगिता तथा भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागिता के साथ-साथ हिंदी के उत्थान हेतु नारे लगाते हुए एक विशाल रैली भी निकाली। हिंदी भाषा के उत्थान को लेकर इन गतिविधियों में विद्यार्थियों ने अभूतपूर्व उत्साह का प्रदर्शन किया।
बुधवार, 14 सितंबर की प्रार्थना सभा में बच्चों ने पूर्णतया हिंदी में प्रार्थना सभा का आयोजन किया। जिसमें हिंदी दिवस से संबंधित कविताओं एवं भाषण के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रयोग के लिए लोगों को जागरूक किया।
कक्षा 9 एवं 10 के विद्यार्थियों द्वारा हिंदी की वर्तमान स्थिति को दर्शाता हुआ नुक्कड़ नाटक हिंदी दिवस की प्रार्थना सभा का मुख्य आकर्षण रहा। हिंदी विभाग की कुछ शिक्षिकाओं ने भारतवर्ष में हिंदी के महत्व पर अपने विचार प्रकट किए तथा हिंदी भाषा के प्रयोग के प्रति सभी को जागरूक करते हुए हिंदी सप्ताह से संबंधित कार्यक्रमों का समापन किया गया।


Leave a Reply