राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। डासना जेल में महिला कैदियों के लिए एक भी महिला चिकित्सक या महिला नर्स नहीं हैं। ऐसे में उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं कैसे मिल पाती हैं? जेल में महिला कैदियों के बच्चों के प्रति भी बहुत कम ही लोग सोचते हैं, ऐेसे में उनकी जरूरतें कैसे पूरी होती हैं? यह सवाल बहुत लोगों के दिल-दिमाग में आता है पर उनका दुख-दर्द जानने, बांटने या उनकी सेवा करने और उनके सहयोग की शायद ही कोई आगे आता है। लेकिन जन मानव उत्थान समिति यह महत्वपूर्ण कार्य बाखूबी निभा रही है। इस बार समिति ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 200 से अधिक महिला कैदियों के साथ मनाया। संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उनका विभिन्न तरीके से सहयोग किया, कई महिलाओं को सम्मानित किया और उनके बच्चों को भी प्रोत्साहन दिया है।
9 मार्च को ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से बातचीत में सामाजिक संस्था ‘जन मानव उत्थान समिति’ की राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमांशी शर्मा ने बताया कि उनकी संस्था ने 8 मार्च को सम्पूर्ण भारत में अंतराष्ट्रीय महिला दिवस एकसाथ मनाया। उनका लगातार प्रयास है कि देश की महिलाएं सशक्त और स्वावलंबी बनें। इसी कडी में सोमवार को डासना जेल की महिला बैरक में रहने वाली 51 महिलाओं को मेडिकल किट बांटी गई। करीब 15 बच्चों को चिप्स, बिस्किट और उनकी जरूरत की अन्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। साथ ही 200 महिलाओं को सैनेट्री पैड वितरित किए गए हैं।
हिमांशी शर्मा के अनुसार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला कैदियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। जिसमें उन्होंने नृत्य, नाटक, भाषण, कविता, गीत आदि विषयों पर मनमोहक प्रस्तुति दी। आकर्षक प्रस्तुति देनी वाली 31 महिलाओं के हुनर की सराहना की गई और उन्हें प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा जन मानव उत्थान समिति ने जेल अधीक्षक आलोक सिंह एवं जेलर आनंद कुमार शुक्ल को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया है।
कार्यक्रम में समिति की जिला प्रभारी डॉ नीतू चौधरी, गाजियाबाद जिलाध्यक्ष, शिक्षक व समाजसेवी हेमलता शिशौदिया, गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष व सेंट हुड कॉन्वेंट स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ आशा शर्मा, संरक्षक एसपी सिंह और संस्था की सदस्य अर्पित शर्मा उपस्थिति रहीं। जेल अधीक्षक अलोक सिंह और आनंद कुमार शुक्ल ने भी इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित किया। साथ ही डासना जेल में महिला दिवस मनाने व कार्यक्रम करने के लिए संस्था की सराहना की है। इसके अलावा महिला कैदयों व कर्मचारियों ने संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमाशी शर्मा के प्रति आभार जताया है।


Leave a Reply