खीरी-पीलीभीत उपनिवेशन संघ चुनाव में हंगामा, तोड़फोड़ और फायरिंग

एस.पी.तिवारी/अनिल पटेल
लखीमपुर-खीरी। उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी के संपूर्णानगर में खीरी पीलीभीत उपनिवेशन संघ के अध्यक्ष पद चुनाव के नामांकन के दौरान फायरिंग होने से सनसनी फैल गई।भाजपा के जिलाध्यक्ष समेत कई पदाधिकारियों पर फायरिंग का आरोप है। स्थानीय और बाहरी प्रत्याशियों को लेकर शुरू हुआ विवाद हाथापाई तक जा पहुंचा, उसके बाद नौबत फायरिंग तक आ पहुंची। सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
भाजपा समर्थकों में आपस में हुई भिड़ंत में जिलाध्यक्ष सुनील सिंह समेत दो विधायकों के समर्थकों पर गोली चलाने का आरोप लगाया जा रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में भी तेजी से वायरल हो रहा है। आरोपी भाजपा नेता पुलिस के सामने फायरिंग कर भाग गए। वहीं सैकड़ों की भीड़ ने पेट्रोल पंप को घेर लिया और भाजपा जिलाध्यक्ष की गाड़ी में तोड़फोड़ की है।
खीरी पीलीभीत उपनिवेशन सहकारी विकास संघ के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर मंगलवार को बवाल हो गया। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के प्रत्याशी के विरोध में नामांकन दाखिल हुआ, जिसके बाद हंगामा शुरू हो गया। इस बीच फायरिंग होने लगी। छर्रे लगने से एक युवक जख्मी हुआ है। इस चुनाव में 12 सदस्यों को मतदान करना था। भाजपा ने इस चुनाव के लिए जिला उपाध्यक्ष उमाशंकर मिश्रा को अपना उम्मीदवार बनाया था। उमाशंकर का निर्वाचन निर्विरोध होना लगभग तय था लेकिन ऐन मौके पर भाजपा से ही जुड़े रहे धीरज शुक्ला ने भी अपना पर्चा दाखिल कर दिया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और हंगामा शुरू हो गया। जमकर मारपीट हुई और इस दौरान प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 5 राउंड फायरिंग भी की गई। गोलियां चलने से इलाके में भगदड़ मच गई।
छर्रा लगने से सोनू नाम का एक युवक जख्मी हुआ है। यह वारदात चुनाव अधिकारी के सामने हुई। साथ ही भाजपा के जिला अध्यक्ष सुनील सिंह और विधायक लोकेश प्रताप सिंह चुनाव के दौरान मौजूद थे। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष विकास शुक्ला की गाड़ी को घेर कर उसमें तोड़फोड़ की। भाजपा के पदाधिकारी जान बचाकर बडी मुश्किल से भाग पाए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

admin
About admin 3407 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*