खुर्जा में श्रीराम लीला : सीता हरण देखकर दर्शक हुए भावुक, जटायु ने रावण से किया युद्ध

संजीव भारद्वाज
खुर्जा (बुलंदशहर)। जंक्शन मार्ग स्थित रामलीला मैदान में उत्तर भारत की सुप्रसिद्ध श्री रामलीला कमेटी खुर्जा 75वां स्थापना वर्ष के तहत रामलीला का मंचन करवा रही है। पण्डित वेद प्रकाश शर्मा व पण्डित प्रेम प्रकाश शर्मा के निर्देशन में गुरुवार को कलाकारों ने सीता हरण, रावण जटायु युद्ध, जटायु मोक्ष और शबरी पर कृपा प्रसंग का शानदार मंचन किया।
रामलीला में सीता हरण का मंचन देखकर दर्शक भावुक हो गए। लोगों ने देखा कि लक्ष्मण रेखा के पार जाने के कारण रावण द्वारा साधु का वेश धारण कर माता सीता का अपहरण कर लिया गया। उसने छल और कपट का सहारा लिया। इसके बाद श्री राम और लक्ष्मण सीता माता की खोज में वन-वन भटकते हैं, जहां उनकी हनुमान और सुग्रीव से भेंट होती है।
रावण सीता का हरण कर ले जा रहा था तो रास्ते में जटायु ने सीता माता को बचाने का प्रयास किया। जटायु ने रावण से घंटों युद्ध किया, लेकिन रावण ने शक्तिशाली चंद्रहास तलवार से जटायु के पंख काट दिए। जटायु पृथ्वी पर गिर पड़े। बाद में भगवान राम अनुज लक्ष्मण के साथ आए तो उन्हें जटायु ने सीता हरण की सूचना दी और फिर प्रभु की गोद में प्राण त्याग दिए। जटायु को मोक्ष प्राप्त हुआ। यह घटनाक्रम राम और जटायु के बीच मित्रता व सम्मान के गहरे बंधन का प्रतीक है।
श्रीराम लक्ष्मण के साथ सीता की खोज में आगे बढ़ते हैं। उसी दौरान जंगल में उन्हें शबरी मिलती हैं। श्री राम ने उनके अपार प्रेम और भक्ति से प्रसन्न होकर उनके द्वारा दिए गए जूठे बेर खाए और उन्हें नवधा भक्ति का ज्ञान प्रदान किया। इस तरह भिलनी शबरी का उद्धार हुआ।
और यहीं गुरुवार की लीला को विश्राम दिया गया। उसके बाद श्री रामलीला कमेटी खुर्जा के समक्ष स्टेज लीला की गई। धनुष भंग और श्री रामजी का जानकी पुत्री सीता माता के साथ विवाह की लीला का दर्शकों ने आनंद लिया।
रामलीला कमेटी के मीडिया प्रभारी रजत अग्रवाल के अनुसार, इस अवसर पर प्रधान पुनीत साहनी (विक्की), महामंत्री सचित गोविल, कोषाध्यक्ष सचिन बंसल, जन. मैनेजर दीपक गर्ग, मंदिर इंचार्ज अशोक पालीवाल, सोशल मीडिया प्रभारी विनीत आर्य, लीला इंचार्ज महेश भार्गव, स्टेज लीला संयोजक डीसी गुप्ता कांटे वाले, ललित मोदी कस्टोडियन अशोक अग्रवाल टिम्मी, उप प्रधान विशाल वाधवा, मैनेजर डॉक्टर सुधांशु दत्त शर्मा, अजय शर्मा, रवि अग्रवाल, आशीष गोयल, विकास वर्मा, चेतन प्रकाश शर्मा, शेखर वर्मा, शिवम् कालरा, राजीव वार्ष्णेय आदि उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*